Dadri News : युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में वांछित दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Jan 6, 2026 - 14:04
Dadri News : युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में वांछित दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में वांछित दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Dadri News : थाना दादरी क्षेत्र में रोडरेज के चलते एक युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में वांछित दो बदमाशों को आज सुबह को थाना दादरी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली दोनों के पैर में लगी है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

 अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) सुधीर कुमार ने बताया कि आज सुबह को थाना दादरी पुलिस बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई की कैमराला गांव में हरकेश और मोहित के ऊपर हुए घातक हमले के आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर जीटी रोड से जारचा की तरफ जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो लोग आते हुए दिखाई दिए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे रुकने की बजाए पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाकर भागने लगे। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली प्रशांत भड़ाना पुत्र गजब सिंह निवासी सिकंदराबाद बुलंदशहर तथा प्रशांत उर्फ सीटू पुत्र विजेंद्र निवासी ग्राम कैमराला के पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। इनके पास से पुलिस ने अवैध हथियार और मोटरसाइकिल बरामद किया है। उन्होंने बताया कि इस घटना में शामिल अन्य बदमाशों की तलाश की जा रही है।

 अपर पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय सुधीर कुमार ने बताया कि कपिल प्रधान पुत्र चमन सिंह निवासी ग्राम कैमराला ने सोमवार सुबह को थाना दादली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके चचेरे भाई मोहित (32 वर्ष)पुत्र धर्मवीर और उनके दोस्त हरकेश उर्फ झंडू (32 वर्ष)पुत्र जतन सिंह एक आई-20 कार में सवार होकर रविवार की रात डेढ बजे के करीब कैमराला गांव जा रहे थे। राजवीर के घर के सामने कुछ अज्ञात लड़के एक कार मे सवार होकर आए। पीड़ित के अनुसार उन्होंने उसके भाई की कार को रूकवाई। पीड़ित के अनुसार उनके चचेरे भाई मोहित और हरकेश के ऊपर आरोपियों ने लाठी डंडों से जानलेवा हमला किया। इस घटना में उनके चचेरे भाई मोहित और हरकेश को गंभीर चोट आई है। दोनों मूर्छित होकर सड़क पर गिर गए। आरोपियों ने उन्हें मरा हुआ समझा तथा वहां से भाग गए। अत्यंत गंभीर हालत मे उन्हे उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के यथार्थ अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उन्होंने बताया कि उपचार के दौरान हरकेश की मौत हो गई है। मोहित की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।