Dadri News : भीषण सड़क हादसे में महिला समेत तीन की मौत, राजस्थान से वैगनआर कार में सवार होकर बनारस जा रहा था परिवार

May 4, 2026 - 19:05
Dadri News : भीषण सड़क हादसे में महिला समेत तीन की मौत, राजस्थान से वैगनआर कार में सवार होकर बनारस जा रहा था परिवार
भीषण सड़क हादसे में महिला समेत तीन की मौत, राजस्थान से वैगनआर कार में सवार होकर बनारस जा रहा था परिवार

Dadri News : थाना दादरी क्षेत्र के ईस्टर्न पेरीफेरल्स एक्सप्रेसवे के कट पर हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि भीलवाड़ा राजस्थान का रहने वाला एक परिवार एक वैगन आर कार में सवार होकर राजस्थान से बनारस जा रहा था। ये लोग सोमवार को गंगा एक्सप्रेसवे पकड़ने के लिए जैसे ही ईस्टर्न पेरीफेरल्स कट दादरी के पास पहुंचे आगे चल रहे एक ट्रक से उनकी कार टकरा गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में कार में सवार विवेक 30 वर्ष, राम 32 वर्ष तथा एक महिला ममता 29 वर्ष की मौके पर मौत हो गई, जबकि कार में सवार एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

 उन्होंने बताया कि बच्ची खतरे से बाहर है। मृतकों के शवों का पंचायत नामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मौके से पुलिस ने ट्रक और कार को हटाकर यातायात को सुचारू रूप से चालू कराया है। ट्रक चालक फरार है ,उसकी तलाश की जा रही है।

 मीडिया प्रभारी ने बताया कि एक अन्य मामले में थाना सूरजपुर क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में शनि सिंह पुत्र तेज सिंह उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम जैतपुर की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर सोमवार को जा रहे थे। यूनीटेक हैबिटेट समिति के पास उनकी बाइक का अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस घटना में शनि सिंह की मौत हो गई। जबकि उसका मित्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।