Dadri News : युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में लगी गोली, जांच में जुटी पुलिस

Aug 28, 2024 - 11:49
Dadri News : युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में लगी गोली, जांच में जुटी पुलिस
Google image

Dadri News : थाना दादरी क्षेत्र के तुलसी विहार कॉलोनी में रहने वाले एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लग गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पुलिस को पता चला कि जिसको गोली लगी है वह एक आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है, तथा उसने खुद को गोली मारी है। पुलिस ने उसके घर से एक पिस्टल और कारतूस भी बरामद किया है।

 थाना दादरी के प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि 27 अगस्त की रात को थाना दादरी पुलिस को प्राथमिक उपचार केंद्र दादरी से सूचना मिली कि राजू भाटी उर्फ राजीव निवासी तुलसी विहार कॉलोनी को गोली लगी है। घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर उप निरीक्षक अंकित कुमार मौके पर पहुंचे तो उन्हें पता चला कि घायल राजू भाटी का उपचार चल रहा है। राजीव का उपचार कर रहे डॉक्टर अमित कुमार ने बताया कि उसे गोली लगी है। गोली उसके सीने में लगी है। उन्होंने बताया कि मौके पर राजू भाटी का साला मौजूद था। घायल बात करने की स्थिति में नहीं था। उसके परिजन उसे उपचार के लिए नोएडा के कैलाश अस्पताल में ले गए।

Dadri News : 

 उन्होंने बताया कि उपनिरीक्षक ने जब घटनास्थल का मुआयना किया तो वहां पर कूलर के पास और अन्य जगहों पर खून दिखाई दिया। वहां पर एक कारतूस मिला। तलाशी लेने पर कूलर के अंदर एक पिस्टल मिली। पिस्तौल से ताजा फायर किया गया था। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पिस्तौल को कब्जे में लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि जब मुखबीर से मामले की जानकारी ली गई तो पता चला कि राजीव एक अपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है। वह पूर्व मे हत्या जैसे संगीन अपराध में जेल जा चुका है। पुलिस को यह भी पता चला है कि राजू भाटी का अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था, तथा उसके परिवार के लोगों से भी प्रॉपर्टी को लेकर विवाद है। उन्होंने बताया कि पुलिस को शक है कि राजू भाटी ने खुद को गोली मारी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पिस्तौल को कब्जे में ले लिया है ,तथा घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।