UP News : उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल नोएडा यूनिट ने घुमंतू जाति (पारदी गिरोह) के एक अपराधी गिरोह के एक कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार किया है। इसकी गिरफ्तारी पर उत्तर प्रदेश और पंजाब प्रांत से 50 -50 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
अपर पुलिस अधीक्षक एसटीएफ (नोएडा यूनिट) राजकुमार मिश्रा ने बताया कि एक सूचना के आधार पर एसटीएफ ने सूरज पारदी को गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर से कल गिरफ्तार किया है।
UP News :
उन्होंने बताया कि वह अपने गिरोह के साथ विभिन्न स्थानों में लूटपाट और चोरी की वारदातों को अंजाम देता है। गिरफ्तार आरोपी बचपन से ही अपराध में लिप्त था। जेब काटने से लेकर बड़ी चोरी तक के मामलों को अंजाम देता है। सूरज के खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके ऊपर गाजियाबाद में एक ज्वेलरी शॉप का शटर काटकर लाखों रुपए के जेवराज चोरी करने का मामला वर्ष 2024 में दर्ज हुआ था। इस घटना में शामिल होने की वजह से उसके ऊपर 50 हजार का इनाम घोषित था। वह फरार चल रहा था। उन्होंने बताया कि आरोपी ने 2024 में पंजाब के फगवाड़ा में भी अपने साथियों के साथ मिलकर एक सर्राफा की दुकान में चोरी की थी। इस मामले में उसके ऊपर पंजाब पुलिस द्वारा 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि इसके खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पंजाब सहित विभिन्न प्रांतो में धोखाधड़ी, नकब जनी, अवैध शराब बनाने जैसे विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इस गैंग के कुछ सदस्यों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।