Noida Political News : गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट पर भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री और गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉक्टर महेश शर्मा पर चौथी बार भरोसा जताया है। उन्हें पार्टी ने लगातार चौथी बार टिकट दिया है। डॉ महेश शर्मा का टिकट घोषित होने के बाद उन लोगों के अरमानों पर पानी फिर गया है जो काफी दिनों से डॉक्टर महेश शर्मा को किसी न किसी विवाद में फंसाकर उन्हें बदनाम करने का षड्यंत्र रच रहे थे।
Noida Political News :
प्रधानमंत्री का दिल जीतने में सफल रहे डॉक्टर महेश
अपने मृदुल स्वभाव, सरल विचार, और हर व्यक्ति के दुख सुख में खड़े होकर डॉक्टरी पेशे से राजनीति के शीर्ष स्तर पर पहुंचने वाले डॉक्टर महेश शर्मा गौतम बुद्ध नगर की जनता ही नहीं, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के दिल में भी जगह बनाने में कामयाब रहे। इस बार लोगों में तरह-तरह की चर्चा थी कि डॉक्टर महेश शर्मा का टिकट कट जाएगा। भाजपा से जुड़े एक नेता, एक आईएएस अधिकारी, और भाजपा के एक राज्यसभा सांसद अपने- अपने टिकट के जुगाड़ में थे। वे लोग हर तरह से महेश शर्मा का टिकट कटवाने के लिए प्रयासरत थे। उन्होंने कई षड्यंत्र के तहत डॉ महेश शर्मा के खिलाफ गलत अफवाहें फैलाई तथा कई जगह उनका विरोध प्रदर्शन भी करवाया, लेकिन सारी बातें आला कमान तक पहुंची और आला कमान को डॉक्टर महेश शर्मा यह बताने में सफल रहे कि उनका विरोध मात्र कुछ लोगों के कहने पर, कुछ लोग द्वारा किया जा रहा है, जो की राजनीति से प्रेरित है। यही कारण है की आला कमान ने उन्हें त्रिपुरा का प्रभारी बनाए रखने के साथ-साथ गौतम बुद्ध नगर का टिकट भी दे दिया। डॉक्टर महेश शर्मा एक ऐसे प्रभारी हैं जो किसी प्रांत के प्रभारी होने के साथ-साथ लोकसभा के भी उम्मीदवार हैं।
वर्ष 2009 से लगातार चुनावी मैदान में है डॉक्टर शर्मा
डॉ महेश शर्मा को भाजपा ने वर्ष 2009 में लोकसभा का टिकट दिया था। उन्होंने पहला चुनाव काफी मजबूती से लड़ा, लेकिन मात्र10- 12 हजार वोटो से वह पहला चुनाव हार गए। उसके बाद वह भाजपा के टिकट पर नोएडा से विधानसभा का चुनाव लड़े और विजई हुए। उसके बाद डॉक्टर महेश शर्मा ने वर्ष 2024 में भाजपा की टिकट पर दोबारा चुनाव लड़ा तथा उन्होंने सपा के नरेंद्र भाटी को करीब 2.8 लाख वोटो से हराकर पहली बार गौतम बुद्ध नगर लोकसभा पर जीत हासिल की। उसके बाद वह वर्ष 2019 में भाजपा की टिकट पर लड़े तथा उन्होंने बसपा के सतबीर नागर को करीब 3.37 लाख वोटो से हराया। चौथी बार डॉक्टर महेश शर्मा को गौतम बुद्ध नगर से भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाया है। इससे पूर्व पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अशोक प्रधान खुर्जा सुरक्षित सीट (अब गौतम बुध नगर) से चार बार सांसद रह चुके हैं।
टिकट घोषित होते ही कार्यकर्ताओं में भरा जोश
डॉ महेश शर्मा के प्रत्याशी घोषित होने के बाद भाजपा के कार्यकर्ताओं में भारी खुशी है। टिकट घोषित होते ही पूरे गौतम बुद्ध नगर में कार्यकर्ता जगह-जगह पर खुशियां मनाते और ढोल -नगाड़े बजाते हुए नृत्य करते हुए देखे गए। कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी, तथा आज सुबह से ही भारी संख्या में नेता और कार्यकर्ता डॉ महेश शर्मा से मिलने के लिए नोएडा पहुंचे। कल शाम को डॉक्टर महेश शर्मा खुर्जा में कार्यक्रम में भाग लेकर जेवर होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते नोएडा लौट रहे थे। टिकट की जानकारी होने के बाद कार्यकर्ताओं ने उन्हें रास्ते में रोक लिया तथा उनका भव्य स्वागत किया। डॉक्टर महेश शर्मा का यमुना एक्सप्रेसवे पर कई जगह कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इसके अलावा नोएडा पहुंचने-हंसते हजारों की संख्या में व्यापारी, नेता, समाजसेवी, उद्योगपति, रेजिडेंट वेलफेयर से जुड़े लोग नोएडा के कैलाश अस्पताल पहुंचे, तथा डॉक्टर महेश शर्मा को बधाई दी।
डॉक्टर महेश शर्मा ने जताया प्रधान मंत्री का आभार
डॉ महेश शर्मा ने कहा कि मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि मैं क्षेत्र की जनता का भी धन्यवाद करता हूं जिन्होंने मुझे इस लायक बनाया कि मैं उनकी सेवा कर सकूं। डॉक्टर महेश शर्मा ने कार्यकर्ताओं से अपील किया कि वे आगामी लोकसभा चुनाव में जी- जान से जुट जाएं। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता क्षेत्र के लोगों से संपर्क करें तथा ऐतिहासिक जीत हासिल करने का प्रयास करें। वही भाजपा के महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि अबकी बार हमारा लक्ष्य गौतम बुद्ध नगर लोकसभा सीट पर पांच लाख से ज्यादा वोटो से जीतने का है। उन्होंने कहा कि करीब 2 लाख वोट नए बने हैं ,जिसमें से ज्यादातर लोग भाजपा के विचारधारा से प्रभावित है।
भाजपा को नहीं है कोई चुनौती
मालूम हो कि गौतम बुद्ध नगर के कई बड़े नेता जो कि समाजवादी और बहुजन समाजवादी पार्टी में थे वे मौजूदा समय में भाजपा में शामिल हो गए हैं। डॉक्टर महेश शर्मा के खिलाफ तीन बार चुनाव लड़े सपा प्रत्याशी नरेंद्र भाटी मौजूदा समय में भाजपा में है, तथा वह डॉक्टर महेश शर्मा के खासे नजदीकी बताए जाते हैं। इसके अलावा वेदराम भाटी जो की बसपा से उत्तर प्रदेश में मंत्री रहे तथा बसपा से जेवर विधानसभा से चुनाव लड़े थे वह भी मौजूदा समय में भाजपा के साथ हैं। पूर्व विधान परिषद सदस्य अनिल अवाना, बीते विधानसभा में जेवर से सपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले नरेंद्र भाटी, रालोद,बसपा, सपा होते हुए मौजूदा समय में भाजपा से राज्यसभा सांसद सुरेंद्रनगर भी इस क्षेत्र के कद्दावर नेता हैं, तथा मौजूदा समय में भाजपा में हैं। भाजपा नेताओं का कहना है कि यहां पर भाजपा की एकतरफा जीत होगी, और यह जीत 5 लाख से ज्यादा वोटो से हो सकती है।
हॉट सीट है गौतम बुद्ध नगर
गौतम बुद्ध नगर सीट यूपी की हॉट सीट है। हाइटेक सिटी नोएडा और ग्रेटर नोएडा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शूमार किए जाते हैं। गौतम बुद्ध नगर को उत्तर प्रदेश का शो- विंडो भी कहा जाता है। प्रदेश में किसी की भी सरकार बने इस क्षेत्र पर सबकी नजर रहती है। उसका कारण भी है कि यहां के विकास में यहां स्थित नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना विकास प्राधिकरण का बजट हजारों करोड़ों रुपए का होता है। ऐसे में सांसद निधि से विकास कार्यों की ज्यादा उम्मीद जनता को नहीं होती। बस उम्मीदवार दिल जीतने वाला होना चाहिए।
बड़े चेहरे की तलाश में सपा
गौतम बुद्ध नगर से इंडिया गठबंधन के प्रत्याशी के तौर पर समाजवादी पार्टी किसी बड़े चेहरे को की तलाश में है। संभव है कि इस बार यहां से कोई बाहरी प्रत्याशी चुनाव मैदान में आ सकता है। नरेंद्र भाटी के भाजपा में शामिल होने के बाद गौतम बुद्ध नगर में कोई ऐसा कद्दावर नेता नहीं बचा है जो डॉक्टर महेश शर्मा को चुनौती दे पाए। वैसे सपा के कुछ नेताओं ने अब गौतम बुद्ध नगर से टिकट की दावेदारी की है, जिसमें फकीरचंद नागर, राहुल अवाना, श्रीपाल अवाना, पीतांबर शर्मा और जगदीश शर्मा के नाम चर्चाओं में हैं। सपा के सूत्रों के अनुसार अगले सप्ताह लखनऊ में समाजवादी पार्टी की बैठक होनी है। उसके बाद ही यहां से लड़ने वाले प्रत्याशी के नाम की घोषणा होगी। कांग्रेस से गठबंधन के बाद यह सीट सपा के पास चली गई है।