Noida News : अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकराई, एक व्यक्ति की मौत
Noida News : थाना फेस -3 क्षेत्र के परथला चौक के पास आज तड़के एक बाइक सवार डिवाइडर से जा टकराया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई है।
Police Station Phase 3 Noida News : थाना फेस- 3 के प्रभारी निरीक्षक पुनीत कुमार ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति उम्र करीब 35 वर्ष बाइक पर सवार होकर आज तड़के करीब 3:15 बजे परथला ब्रिज के पास से गुजर रहे थे। वह नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट की तरफ जा रहे थे। उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर रात 3:20 पर डिवाइडर से टकरा गई। उन्होंने बताया कि अत्यंत गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। उपचार के दौरान डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस आसपास के लोगों और सोशल मीडिया के माध्यम से शव की पहचान करवाने का प्रयास कर रही है।
Police Station Sector 39 Noida News : थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अश्वनी मिश्रा, अमन, प्रतीक और तुषार एक कार में सवार होकर आज तड़के सेक्टर 104 के पास से जा रहे थे। तेज गति से जा रही इनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस घटना में चारों को गंभीर चोट लगी है। उन्हें पुलिस द्वारा उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। चारों की हालत नाजुक बनी हुई है। जिला अस्पताल से उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान इन्हें अस्पताल में भर्ती करवाने साथ गए इनके दोस्त रोहित ने बताया कि चारों पढ़े लिखे और अच्छे परिवार से हैं। इनके एक साथी का बीती रात को जन्मदिन था। मोरना गांव मे ये लोग जन्मदिन की पार्टी में जमकर शराब पिए, और कार में सवार होकर सभी दोस्त एक साथ निकल पड़े। शराब के नशे में तेज गति से यह लोग वहां चलते हुए जा रहे थे। तभी यह घटना हुई। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

