Noida News : डिजिटल अरेस्ट कर साइबर ठगी करने वालों को खाता उपलब्ध करवाने वाले दो गिरफ्तार

May 4, 2026 - 07:53
Noida News : डिजिटल अरेस्ट कर साइबर ठगी करने वालों को खाता उपलब्ध करवाने वाले दो गिरफ्तार
डिजिटल अरेस्ट कर साइबर ठगी करने वालों को खाता उपलब्ध करवाने वाले दो गिरफ्तार

Noida News : डिजिटल अरेस्ट करने वाले गिरोह से जुडे़ दो आरोपियों को साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने बीती रात को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी अपना खाता ठगों को देते थे जिसमें ठगी की राशि को ट्रांसफर किया जाता था। इसके लिए दोनों को अच्छी रकम भी मिलती थी। आरोपियों के मोबाइल बरामद करके पुलिस जरूरी साक्ष्य जुटाने में लगी है।

DCP Cyber Crime : डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि अलग-अलग शिकायतों के आधार पर टीम जांच कर रही थी। जिसके दौरान टीम ने पंजाब के लुधियाना के भावेश गुप्ता और हर्षित कुमार को गिरफ्तार किया। दोनों की आयु 21 वर्ष है। भावेश इंटरमीडिएट पास है और वह एक कंपनी में नौकरी करता है। हर्षित बीए का छात्र है और डिलीवरी ब्वाय का काम भी करता है। रुपये कमाने के चक्कर में दोनों आरोपी साइबर ठगों के संपर्क में आ गए। साइबर ठग लोगों को डिजिटल अरेस्ट करते थे और उनसे ऐंठी जाने वाली राशि को ट्रांसफर करने के लिए दोनों आरोपियों का अकाउंट इस्तेमाल होता था।

उन्होंने बताया कि एक दो नहीं बल्कि कई मामलों में आरोपियों ने अपना खाता साइबर ठगों को दिया था। जिसके लिए उन्हें कमीशन मिलता था। ठग स्वयं को सरकारी अधिकारी बताकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे। इसी तरह के एक मामले में आरोपियों ने ठगों को बैंक खाते उपलब्ध कराए थे जिसमें उन्होंने करीब सात लाख रुपये निकाले। इस मामले में पीड़ित एफसीआई से सेवानिवृत्त नोएडा के निवासी थे। आरोपियों को लगभग साढ़े चार लाख रुपयों का कमीशन मिला था।

Cyber Crime Police Station Noida News : आरोपियों के पास से बरामद हुए मोबाइल से मिले विवरण से पुलिस को पता चला कि उनके खाते का उपयोग अलग-अलग राज्यों से की गई ठगी में प्रयुक्त हुआ है। इसमें तेलंगाना में दो और आंध्र प्रदेश में एक शिकायत दर्ज की गई है। इसके अलावा अन्य राज्यों में भी इनका गिराेह ठगी कर चुका है। साइबर ठगोंं के साथ दोनों आरोपी सोशल मीडिया के जरिये संपर्क में आए थे।