Noida News : निर्माणाधीन मकान के छज्जे की शटरिंग गिरी, दो मजदूरों की मौत, एक घायल

Sep 23, 2024 - 23:35
Sep 24, 2024 - 08:55
Noida News : निर्माणाधीन मकान के छज्जे की शटरिंग गिरी, दो मजदूरों की मौत, एक घायल
Noida News : थाना सूरजपुर क्षेत्र के कस्बा सूरजपुर में धर्मपाल खड्डा कॉलोनी में निर्माणाधीन एक मकान के छज्जे की शटरिंग गिरने से दो मिस्त्री की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी ने बताया कि धर्मपाल खड्डा कॉलोनी में निर्दोष सिंह अपने मकान का निर्माण करवा रहे हैं। निर्दोष सिंह के निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल के छज्जे पर सोमवार की शाम मिस्त्री काम कर रहे थे। इसी बीच अचानक छज्जे की शटरिंग की बल्ली टूट गई। शटरिंग गिरने से काम कर रहे राजमिस्त्री और मजदूर तीसरी मंजिल से नीचे आ गिरे।

आसपास मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को नजदीक के अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने 28 वर्षीय अजय निवासी पाटा गांव जनपद शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश और 53 वर्षीय राजेंदर सिंह निवासी नगला पाला साहिबाबाद कोल अलीगढ़ उत्तर प्रदेश को मृत घोषित कर दिया। समसू निवासी ग्राम मंडपा थाना दनकौर ग्रेटर नोएडा का उपचार चल रहा है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्य की जाएगी।

पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मृतकों के परिजनों को दी गई थी। इसके बाद परिजन मौके पर आ गए। हालांकि, परिजनों द्वारा अभी तक इस मामले में कोई शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि अगर मृतक के परिजन इस मामले में कोई शिकायत करते हैं तो पुलिस घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच करेगी।