Noida News : हिंसक प्रदर्शन करने वाले श्रमिकों के खिलाफ नोएडा के विभिन्न थानों में सात मुकदमे दर्ज
Noida News : गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में सोमवार को हुए उत्पात के बाद पुलिस सख्त हो गई है। पुलिस ने विभिन्न थानों में उपद्रव मचाने वालों के खिलाफ सात मुकदमे दर्ज किए। पुलिस उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सोमवार को 40 से 45 हजार श्रमिकों/मजदूरों ने विभिन्न क्षेत्रों में सड़क पर उतरकर उपद्रव मचाया। अराजक तत्वों द्वारा सेक्टर-63 क्षेत्र में दो स्थानों तथा मदरसन कंपनी परिसर के आसपास आगजनी की घटना की और हिंसक प्रदर्शन किया। पुलिस बल द्वारा अत्यन्त सयंम दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया गया, लेकिन कुछ अराजक तत्वों द्वारा विभिन्न स्थानों पर समूह बनाकर यातायात बाधित करने एवं कानून-व्यवस्था को प्रभावित किया गया।
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि पुलिस द्वारा संवेदनशील एवं घटनास्थलों की सतर्क निगरानी की जा रही है। कमिश्नरेट के विभिन्न थानों में सात मुकदमे दर्ज हुए हैं। साथ ही अपील है कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने बताया कि सोमवार को हुए उग्र प्रदर्शन में प्रदर्शनकारियों ने वाहनों में तोड़फोड़ कर आगजनी की। उन्होंने बताया कि दो दर्जन से ज्यादा लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट करने वालों के खिलाफ दो मुकदमे दर्ज हुए हैं ,तथा अन्य की जांच की जा रही है।

