Noida News : गोवर्धन पूजा के दौरान किशोर की हुई हत्या के मामले में सात आरोपियों को आजीवन कारावास

Jan 13, 2026 - 23:06
Noida News : गोवर्धन पूजा के दौरान किशोर की हुई हत्या के मामले में सात आरोपियों को आजीवन कारावास
Symbolic Image

Noida News : जनपद गौतम बुद्ध नगर की न्यायालय ने आज हत्या के मामले में 7 लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इनके ऊपर 95-95 हजार रुपए का आर्थिक दंड भी लगाया गया है। थाना जेवर क्षेत्र के महाबलीपुर गांव में गोवर्धन पूजा के दौरान यह घटना हुई थी।

 

सहायक शासकीय अधिवक्ता धर्मेंद्र जयंत ने बताया कि राकेश पुत्र कमल ने 14 नवंबर वर्ष 2023 को थाना जेवर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शाम के समय वह अपने लड़के मोहित उम्र 14 वर्ष, नरेंद्र,हरेंद्र, आदि के साथ ललित के घर से गोवर्धन पूजा करके आ रहे थे, तभी अचानक सोनू ,गौरव, शिवा, धर्मेंद्र, रंजीत, अभिराज, निशांत और दो अज्ञात लोगों ने ताबड़तोड़ उनके ऊपर गोलियां चला दी। जिसमें उनके बेटे मोहित के सिर में गोली लगी। नरेंद्र ,हरेंद्र के बाएं हाथ में गोली लगी। इसके अलावा उन्होंने लाठी डंडे और धारदार हथियार से हमला किया। इस घटना में मोहित की मौत हो गई।

 

उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। इस मामले की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय सोमप्रभा मिश्रा की अदालत में चल रही थी। उन्होंने बताया कि न्यायालय ने दोनों पक्षों के वकीलों की जिरह सुना, गवाहों के बयान दर्ज किया, उसके बाद कोर्ट ने इस मामले में आज अभिराज, कुंवर गौरव, रणजीत सिंह, सोनू, निशांत राणा, धर्मेश उर्फ धर्मेंद्र तथा शिवनीत उर्फ शिवराज को दोषी पाया। इन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। उन्होंने बताया कि इनके खिलाफ न्यायालय ने 95 हजार रुपए का अर्थदण्ड भी लगाया है। अर्थदण्ड जमा नही करने पर 6 माह की अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।