Noida News : बिजली विभाग का अधिकारी बताकर मीटर लगवाने के नाम पर साइबर अपराधी ने की लाखों की ठगी
Noida News : थाना साइबर क्राइम मे एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड का कर्मचारी बताकर अज्ञात साइबर अपराधी ने उनके घर पर मीटर लगवाने के नाम पर उनसे धोखाधड़ी करके 3,74,831 रूपए की ठगी कर ली है। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अपर पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम श्रीमती शैव्या गोयल ने बताया कि बृजेश कुमार तिवारी पुत्र राजनारायण तिवारी ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 25 नवंबर को उनके मोबाइल फोन पर एक व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को एनपीसीएल का अधिकारी बताते हुए कहा कि आपने अपने घर पर बिजली का मीटर लगाने का एप्लीकेशन दिया है। पीड़ित के अनुसार उन्होंने बिजली लगाने के लिए आवेदन किया था। उन्हें विश्वास हो गया कि यह बिजली विभाग का व्यक्ति है। पीड़ित के अनुसार आरोपी ने उनसे एक ऐप डाउनलोड करवाया। उसके बाद उसने 13 रूपए का भुगतान करने के लिए कहा। पीड़ित ने 13 रुपए का भुगतान कर दिया। इसी बीच आरोपी ने उनका बैंक अकाउंट हैक कर लिया तथा विभिन्न बार में उनके खाते से 3 लाख 74 हजार 831 रूपए निकाल लिया। उन्होंने बताया कि पीड़ित ने बीती रात को साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

