Noida News : पुलिस आयुक्त ने थाना सेक्टर-63 के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन का किया लोकार्पण

Jun 9, 2025 - 14:52
Jun 9, 2025 - 15:34
Noida News : पुलिस आयुक्त ने थाना सेक्टर-63 के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन का किया लोकार्पण

Noida News : ग्राम बहलोलपुर के पास बने थाना सेक्टर-63 के के नवनिर्मित प्रशासनिक भवन, आवासीय परिसर व कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर के प्रथम ई-मालखाने का लोकार्पण आज पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने किया। इस अवसर पर उन्होंने उच्च गति की इंटरनेट सुविधा और पेपरलेस कार्यप्रणाली पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधि, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि, व्यापारी, आरडब्ल्यूए के सदस्य और क्षेत्र के संभ्रांत लोग उपस्थित रहे।

लोकार्पण कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने कहा कि हमारा उद्देश्य पुलिसिंग को नागरिकों के लिए अधिक सुलभ, पारदर्शी और प्रभावी बनाना है। इस नए भवन के माध्यम से हम बेहतर सेवाएं प्रदान करेंगे और पुलिसकर्मियों के लिए एक सुरक्षित एवं समर्पित कार्य वातावरण सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने बताया कि नवनिर्मित थाना भवन में कई अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

इनमें प्रशासनिक कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, साइबर सेल, सीसीटीएनएस कक्ष, विवेचना कक्ष, हवालात, मालखाना और पुलिसकर्मियों के लिए विश्राम कक्ष (रेस्ट रूम) शामिल हैं। भवन को ग्रीन एनर्जी से लैस किया गया है, साथ ही उच्च गति की इंटरनेट सुविधा और पेपरलेस कार्यप्रणाली पर विशेष जोर दिया गया है।


महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक अलग महिला हेल्प डेस्क की स्थापना की गई है, जहाँ वह अपनी शिकायतें निःसंकोच दर्ज करा सकती हैं। आगंतुकों के बैठने, पार्किंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी पूरा ध्यान रखा गया है।

 पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे इस भवन का उपयोग अधिकतम दक्षता से करें और आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी और समर्पण के साथ करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र, अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार, पुलिस उपायुक्त नोएडा यमुना प्रसाद, पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी, पुलिस उपायुक्त ट्रैफिक लखन सिंह यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।