Noida News : खारा पानी से नोएडा वासियों को आज से मिलेगी निजात, गंगाजल शुरू

Oct 28, 2025 - 12:31
Noida News : खारा पानी से नोएडा वासियों को आज से मिलेगी निजात, गंगाजल शुरू
Symbolic Image

Noida News : नोएडा में आज से खारा पानी से लोगों को निजात मिल जाएगा। करीब 25 दिन से बना पेयजल संकट मंललवार शाम तक समाप्त होने की उम्मीद है। सुबह से भरपूर मात्रा मे गंगाजल पहुंचना शुरू हो गया है। ऐसे में प्राधिकरण शाम से पानी की आपूर्ति शुरू कर देगा। 

नोएडा विकास प्राधिकरण के महाप्रबंधक (जल) आरपी सिंह ने बताया कि इस महीने 2 अक्तूबर को गंगनहर की सफाई शुरू हुई थी। इससे गंगाजल की आपूर्ति पूरी तरह बंद हो गई थी। गंगनहर से गंगाजल गाजियाबाद के प्रताप विहार और सिद्वार्थ विहार प्लांट पर पहुंचता है। जहां से नोएडा को गंगाजल मिलता है। गंगनहर की सफाई का काम चार दिन पहले पूरा कर लिया गया था। इसी के साथ ही हरिद्वार से गंगाजल आना शुरू हो गया था। शनिवार को गंगाजल गाजियाबाद पहुंच गया था। छठ महापर्व के चलते गाजियाबाद से ही हिंडन और अन्य जगह के लिए गंगाजल दिया जा रहा है। नोएडा को अभी गंगाजल नहीं मिला था।

उनका कहना है कि मंगलवार सुबह से ही गंगाजल नोएडा में आना शुरू हो गया। करीब 8-10 घंटे गंगाजल को स्टोर करने के बाद शाम से गंगाजल की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि गाजियाबाद से गंगाजल आने पर सबसे पहले नोएडा के मास्टर यूजीआर यानी भूमिगत जलाशय में स्टोर किया जाएगा। ये यूजीआर सेक्टर-65, 69, 72, 118 में हैं। सेक्टर-69 में दो यूजीआर हैं। महाप्रबंधक ने बताया कि मंगलवार शाम से नोएडा में गंगाजल की आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी । उन्होंने बताया कि गाजियाबाद से दो लाइन के जरिए 240 एमएलडी- मिलियन लीटर प्रति दिन-गंगाजल की आपूर्ति नोएडा में की जाती है।