Noida News : नोएडा विकास प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग के निरीक्षक ने सफाई कर्मचारी नेताओं के खिलाफ दर्ज करवाया मुकदमा

Mar 18, 2026 - 18:23
Noida News : नोएडा विकास प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग के निरीक्षक ने सफाई कर्मचारी नेताओं के खिलाफ दर्ज करवाया मुकदमा
Symbolic Image

Noida News : थाना सेक्टर 24 में नोएडा विकास प्राधिकरण के स्वास्थ्य निरीक्षक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि दो दर्जन से ज्यादा सफाई कर्मियों के नेताओं और सफाई कर्मियों ने नोएडा की सफाई व्यवस्था को ठप कर दिया है। जिससे जनमानस को काफी परेशानी हो रही है। यह लोग धरना प्रदर्शन कर सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने की अपील कर रहे हैं। आरोप है कि ये लोग नोएडा विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के प्रति अपशब्दों का प्रयोग कर गाली-गलौज भी कर रहे हैं।

 

Police Station Sector 24 Noida News : थाना सेक्टर 24 के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार ने बताया कि नोएडा विकास प्राधिकरण में तैनात स्वास्थ्य निरीक्षक योगेंद्र कुमार हरीश ने बीती रात को राधे पारचा, बबलू पारचा, रवि पारचा, राहुल, साधु मकवाना, सतवीर मकवाना, राहुल कुमार, सुनील टोंक, रवि, नितिन कुमार और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्यायसंहिता की धारा 189(1) बी, 190,191(2),221,224, 285,351(2),352 के तहत मुकदमा दर्ज करवाया है। उन्होंने बताया कि इनका आरोप है कि इन लोगों ने संविदा पर नोएडा विकास प्राधिकरण में सफाई कर्मी के रूप में तैनात कर्मचारियों को भड़काकर नोएडा स्टेडियम के गेट नंबर पांच पर हंगामा किया। ये लोग मुख्य सड़क पर जाम करके हंगामा किया। उनका आरोप है कि इन लोगों ने अन्य सफाई कर्मचारियों को डरा-धमकाकर सफाई का काम बंद कर दिया। इनके इस कृत्य से नोएडा शहर की साफ सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। जिससे नोएडा की आवश्यक सर्विसेज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन आंदोलनकारी द्वारा नारेबाजी करते हुए सरकारी संपत्ति को क्षति ग्रस्त करने का आह्वान किया गया। उनका आरोप है कि इन्होंने नोएडा विकास प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति अपशब्दों का प्रयोग करते हुए नारेबाजी की और गाली गलौज की। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।