Noida News : यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में आयुर्वेद की वैश्विक संभावनाओं पर हुआ मंथन
Noida News : जनपद गौतम बुद्ध नगर मे स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चतुर्थ संस्करण में आयुष विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा “भारत की प्राचीन स्वास्थ्य परंपरा—पारंपरिक ज्ञान, आधुनिक अनुसंधान एवं वैश्विक वेलनेस की संभावनाएं” विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आयुर्वेद की बढ़ती लोकप्रियता, वैश्विक स्तर पर इसकी स्वीकार्यता तथा उत्तर प्रदेश में आयुष चिकित्सा व्यवस्था को सुदृढ़ किए जाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम में भाग लेते हुए आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दया शंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन चिकित्सा परंपरा होने के साथ-साथ आज विश्वभर में स्वास्थ्य एवं वेलनेस के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण पहचान बना रहा है। उन्होंने आयुर्वेद को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप और अधिक वैज्ञानिक, प्रमाण-आधारित तथा गुणवत्तापूर्ण बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
आयुष विभाग के प्रमुख सचिव रंजन कुमार ने उत्तर प्रदेश में आयुष क्षेत्र के चल रहे बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण की जानकारी देते हुए नए आयुर्वेदिक चिकित्सालयों एवं आयुर्वेदिक महाविद्यालयों की स्थापना, आयुष इंटीग्रेटेड वेलनेस सेंटर तथा प्रशिक्षण संस्थानों के विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित आयुष चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ आयुष को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना है।
कार्यक्रम में आयुर्वेद की वैश्विक स्थिति, अनुसंधान, आयुष उत्पादों के निर्यात, प्रमाणिक एवं सुरक्षित आयुर्वेदिक औषधियों के विकास तथा मानकीकरण और एविडेंस-बेस्ड आयुर्वेदिक चिकित्सा प्रणाली पर भी विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि वैश्वीकरण के वर्तमान दौर में आयुर्वेद की प्राचीन ज्ञान परंपरा को आधुनिक अनुसंधान और वैज्ञानिक प्रमाणों से जोड़कर विश्व समुदाय तक पहुंचाना आवश्यक है।
इस कार्यक्रम में अनेक चिकित्सकों एवं विषय-विशेषज्ञों ने भी सहभागिता की। आयुष क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न दवा निर्माता कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अतिथियों का स्वागत किया तथा आयुर्वेदिक एवं अन्य आयुष उत्पादों के विकास, अनुसंधान और वैश्विक बाजार में उनकी संभावनाओं से संबंधित विषयों पर सहभागिता की।
कार्यक्रम में निदेशक आयुर्वेद डॉ. नारायण दास, निदेशक होम्योपैथी डॉ. प्रमोद कुमार सिंह, उपनिदेशक डॉ. राम कृपाल, प्रोफेसर डॉ. बृजेश गुप्ता, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. बंदना रानी, जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. प्रीति सिंघल सहित विभिन्न जनपदों के चिकित्सा अधिकारी एवं जनपद गौतमबुद्धनगर के आयुष विभाग के समस्त अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

