Noida News : विभिन्न सड़क हादसों मे चार की मौत

Oct 6, 2025 - 16:26
Oct 6, 2025 - 16:28
Noida News : विभिन्न सड़क हादसों मे चार की मौत
Symbolic Image

Noida News : नोएडा के विभिन्न जगहों पर हुए विभिन्न सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई है। घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है 

 

Police Station Sector 39 Noida News : थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को गीता देवी उम्र 44 वर्ष पत्नी सियाराम निवासी सलारपुर कॉलोनी - रिक्शा में सवार होकर जा रही थी, तभी सेक्टर 104 स्टर्लिंग माल के पास एक वैगनआर कार के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। - रिक्शा चालक और एक अन्य व्यक्ति इस मामले में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

 

 

Police Station Knowledge Park Greater Noida News : थाना नॉलेज पार्क के प्रभारी निरीक्षक सर्वेश कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को संदीप भाटी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके पिता विक्रम सिंह भाटी 5 अक्टूबर की रात को दिल्ली से घर लौट रहे थे। ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर एक पिकअप चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनके पिता की बाइक में टक्कर मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस द्वारा उन्हें कैलाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

 

Police Station Jewar Noida News : थाना जेवर के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि श्रीमती विमलेश पत्नी रामगोपाल ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उनके पति राम गोपाल पुत्र सिद्धि सिंह निवासी ग्राम मंगरौली घर से बाजार की तरफ  पैदल जा रहे थे, तभी जेवर ब्लॉक के सामने एक स्विफ्ट कार के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए 4 अक्टूबर को उन्हें टक्कर मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया, उपचार के दौरान जेवर के कैलाश अस्पताल में उनकी   देर रात को मृत्यु हो गई। उन्होंने बताया कि महिला की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

 

Police Station Sector 20 Noida News : थाना सेक्टर 20 के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि अर्जुन प्रजापति ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि निठारी गांव के पास वह खड़े थे तभी एक कार के चालक ने तेजी और लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक अज्ञात व्यक्ति को टक्कर मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई। उनके अनुसार मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। थाना प्रभारी ने बताया कि कार के नंबर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।