Noida News : भारत के स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन, फोर्थ स्टेज का लिवर कैंसर से थे पीड़ित
Noida News : भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य और स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का आज तड़के निधन हो गया है। वह काफी लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। उन्होंने ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। रिंकू सिंह के पिता खानचंद सिंह स्टेज-4 लिवर कैंसर से जूझ रहे थे। हाल ही में उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पिता की खराब सेहत की जानकारी मिलते ही रिंकू सिंह को टीम इंडिया का साथ छोड़ अचानक घर लौटना पड़ा था।
यथार्थ अस्पताल के प्रवक्ता डॉ सुनील कुमार ने बताया कि रिंकू सिंह के पिता 21 फरवरी से अस्पताल में भर्ती थे। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें मैकेनिकल वेंटीलेटर सपोर्ट रखा गया था। उन्हें लगातार रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी दी जा रही थी। उनको लिवर कैंसर के चौथे चरण में भर्ती कराया गया था। उनकी स्थिति गंभीर होने के कारण तत्काल उपचार की आवश्यकता थी। यथार्थ अस्पताल के डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही थी। हाल ही में रिंकू सिंह अपने पिता से मिलने के लिए नोएडा पहुंचे थे।
बीते मंगलवार 24 फरवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में टीम इंडिया का प्रैक्टिस सेशन था, लेकिन इसमें रिंकू सिंह ने हिस्सा नहीं लिया था और वह पिता से मिलने के लिए नोएडा पहुंचे थे। उनके अलावा बाकी खिलाड़ी अभ्यास करते नजर आए। इसके बाद ही खबर आई कि उनके पिता काफी बीमार हैं और जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।
28 वर्षीय रिंकू सिंह उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जनपद के रहने वाले हैं। रिंकू सिंह को टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज के सभी मैचों में खेलने का मौका मिला था। वह सुपर-8 स्टेज में साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच का भी हिस्सा थे। लेकिन इस वर्ल्ड कप में उनका बल्ला नहीं चल रहा था। वह खराब फॉर्म से जूझ रहे है। कल हुए जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से पहले वह टीम इंडिया से जुड़ गए थे। लेकिन इस मैच में उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला था।
रिंकू सिंह की सफलता के पीछे उनके पिता का बहुत बड़ा संघर्ष रहा है। अलीगढ़ में गैस सिलेंडर डिलीवरी का काम करने वाले खानचंद सिंह ने तमाम अभावों के बावजूद रिंकू के क्रिकेटर बनने के सपने को पूरा करने में हर संभव मदद की। आज जब रिंकू सफलता के शिखर पर हैं, तब उनके पिता का साथ छूट जाना उनके लिए एक बड़ी व्यक्तिगत क्षति है। उनके निधन के बाद उनके परिजन शव को लेकर जनपद अलीगढ़ के लिए निकल गए हैं। उनका अंतिम संस्कार अलीगढ़ में होगा। परिवार के लोगों के अनुसार रिंकू सिंह भी अंतिम संस्कार में भाग लेने के लिए पहुंच रहे हैं।

