Noida News : झूठी आंन के लिए पिता ने की बेटी की हत्या, गिरफ्तार

Noida News : जनपद गौतम बुद्ध नगर में आनर किलिंग का मामला सामने आया है। बेटी के चरित्र पर शक होने पर पिता ने उसकी हत्या कर दी, तथा इसे सड़क दुर्घटना का रूप दिया। आरोपी हत्या करने के बाद अपने परिवार सहित गांव भाग गया था। पुलिस ने जांच के दौरान आज उसे गिरफ्तार किया है।
Noida News :
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) अशोक कुमार सिंह ने बताया कि 14 अक्टूबर को थाना दादरी क्षेत्र के दादरी बाईपास पर बिसाहडा अंडरपास के पास एक 20 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मिला था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, तथा इस मामले में एक व्यक्ति की शिकायत पर सड़क हादसे में मौत का मामला दर्ज किया।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला की मृतका का नाम सोनम पुत्री रामकिशोर है। वह मूल रूप से जनपद अमरोहा की रहने वाली है। उन्होंने बताया कि साक्ष्य संकलन के क्रम में जानकारी प्राप्त हुई की मृतका सोनम उपरोक्त के माता-पिता करीब 2 महीना पहले पंचशील हापुड़ चुंगी गाजियाबाद में लेबर के काम करने के लिए आए थे। वहीं पर ये लोग निवास करते थे। दिनांक 13 अक्टूबर को सुबह के समय सोनम घर से कहीं चली गई थी। माता-पिता के द्वारा तलाश करने पर जब कोई जानकारी नहीं मिल पाई तो माता-पिता के द्वारा नजदीकी पुलिस चौकी पर सोनम के लापता होने की सूचना दी गई। शाम के समय सोनम स्वयं वापस आ गई।
इसके बाद मृतका सोनम के पिता राम किशोर शाम को शराब पीकर आया, और आकर अपनी पत्नी और बच्चों से कहा कि हमें अभी गांव जाना है। रामकिशोर अपनी मोटरसाइकिल हीरो होंडा डीलक्स पर अपनी पत्नी, लड़की सोनम तथा छोटे बेटे को लेकर चल दिया। रात 12 बजे के करीब वह बिसाहडा अंडरपास के पास पहुंचा। वहां पर उसने मोटरसाइकिल रोकी और सोनम के साथ मारपीट करने लगा। जब उसकी पत्नी बीच बचाव करने आई तो उसने उसे भी मारा। आरोपी ने सोनम से कहा कि तूने मेरी इज्जत मिट्टी में मिला दी है। आज तुझे जान से मार दूंगा। उसने वहां पड़े पत्थर से सोनम के ऊपर वार किया तथा उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने मृतका के ऊपर मोटरसाइकिल चढ़ाई एवं अपनी पत्नी और बच्चे को बाइक पर बैठकर वहां से चला गया।
उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने आज रामकिशोर पुत्र प्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। इसके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा हत्या में प्रयुक्त पत्थर बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने सड़क दुर्घटना में मौत की जगह हत्या की धारा में मुकदमे को तरमीन कर दिया है।