Noida News : नोएडा में साइबर ठगों का कहर: डिजिटल अरेस्ट, ब्लैकमेल और फर्जी निवेश से 34.49 लाख की ठगी
Noida News : नोएडा के विभिन्न जगहों पर रहने वाले तीन लोग साइबर अपराधियों के शिकार हो गए। इनसे साइबर अपराधियों ने करीब 34 लाख 49 हजार रुपए की ठगी कर ली है। घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम श्रीमती शैव्या गोयल ने बताया कि नोएडा के सेक्टर 37 में रहने वाले करियामपुझा वर्गीज रप्पई ने बीती रात को थाना साइबर क्राइम में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 31 जुलाई वर्ष 2026 को उनके पास एक फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को मुंबई साइबर क्राइम का अधिकारी बताया। उसने कहा कि उनके आईडी का इस्तेमाल करके एक बैंक खाता खोला गया है, जिसका उपयोग मनी लॉन्ड्रिंग, मानव तस्करी और गैरकानूनी कामों में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में आपके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। आपको हिरासत में लेना होगा। पीड़ित के अनुसार वह इस फोन कॉल के बाद काफी डर गए। उनके अनुसार आरोपी ने उन्हें मदद का आश्वासन दिया तथा उसने कहा कि यह मामला सीबीआई में चला गया है। आरोपी ने वीडियो कॉल के माध्यम से सीबीआई के अधिकारी से संपर्क करवाया।
पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर लिया था। पीड़ित भय और डर से जो भी वह कहता रहा करते चले गए। पीड़ित के अनुसार उसने 1 अगस्त वर्ष 2026 को कहा कि आप सीबीआई के खाते में 22 लाख रुपए जमा कर दो, ताकि आपकी लेनदेन की जांच में आसानी होगी। उसने कहा कि जांच पड़ताल के बाद आपका पैसा वापस कर दिया जाएगा। बाद में उनको इस बात का एहसास हुआ कि उनके साथ साइबर ठगी हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि बीती रात को थाना साइबर क्राइम में अनीश पुत्र अलीमुद्दीन निवासी सेक्टर 22 ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अज्ञात लोगों द्वारा उसके मोबाइल फोन पर टेलीग्राम के माध्यम से उसकी गंदी और अश्लील फोटो भेजी गई। उसे डरा- धमकाकर ब्लैकमेल करके अपने विभिन्न खातों में 6 लाख 31 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिया गया। पीड़ित के अनुसार उसे एक वीडियो कॉल आई थी। जैसे ही उन्होंने कॉल उठाई एक लड़की उसपर निर्वस्त्र अवस्था में दिखी। जब तक वह कुछ समझ पाते तब तक आरोपियों ने उसकी अश्लील वीडियो बना ली थी। इस वीडियो के आधार पर आरोपी उसे डरा धमकाकर उसे ब्लैकमेल कर रहे थे, तथा उससे रकम अपने खाते में डलवा लिए।
थाना साइबर क्राइम मे एक बुजुर्ग व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि शेयर मार्केट में इन्वेस्ट करने के नाम पर साइबर अपराधियों ने उनसे संपर्क किया तथा उनको अपने जाल में फंसाकर अपने विभिन्न खातों में 6 लाख 18 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिया। पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम ने बताया कि पीड़ित असीम चौधरी पुत्र आर्यन चौधरी निवासी सेक्टर 45 की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

