Noida News : मनी लांड्रिंग केस में फंसाने की धमकी देकर साइबर अपराधियों ने महिला से 8 लाख 52 हजार रुपए ठगा

Mar 16, 2026 - 20:17
Noida News : मनी लांड्रिंग केस में फंसाने की धमकी देकर साइबर अपराधियों ने महिला से 8 लाख 52 हजार रुपए ठगा
Symbolic Image

Noida News : थाना साइबर क्राइम में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उसे डिजिटल अरेस्ट करके मनी लांड्रिंग के केस में फंसाने की धमकी देकर उसके खाते से 8 लाख 52 हजार रुपए अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिया। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

पुलिस अपर पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम श्रीमती शैव्या गोयल ने बताया कि बीती रात को श्रीमती शबनम जहैरा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह नोएडा के सेक्टर 34 के धवलगिरी अपार्टमेंट में रहती हैं। उनके अनुसार 12 फरवरी को उनके मोबाइल फोन पर डीके गौतम नामक एक व्यक्ति ने फोन किया। उसने कहा कि तुम्हारे खिलाफ मनी लांड्रिंग का मुकदमा जम्मू कश्मीर में दर्ज हुआ है। इस मुकदमे में एक अपराधी की गिरफ्तारी हुई है, जिसके पास से आपका आधार कार्ड की फोटो कॉपी मिली है। उसके द्वारा बताया गया कि हम आपको गिरफ्तार करेंगे। जब उन्होंने उससे रिक्वेस्ट किया तो उसने कहा कि ठीक है, आप पहले अपने बैंक अकाउंट के पैसों की जांच करवा लो। पीड़िता के अनुसार उसे डिजिटल अरेस्ट करके कई बार वीडियो कॉल की गई। एक अदालत वीडियो कॉल के द्वारा दिखाई गई। वहां पर जज और पुलिस की वर्दी पहने लोग दिखाई दे रहे थे। उन पर मनी लांड्रिंग का आरोप लगाया गया।

 जब पीड़िता ने कहा कि वह किसी मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल नहीं है, ना हीं किसी नरेश गोयल नाम के व्यक्ति को जानती है तो उनसे कहा गया कि आपको गिरफ्तार किया गया जाएगा। इसी बीच कथित पुलिस अधिकारी ने महिला से कहा कि हम मजिस्ट्रेट से बात करके आपको राहत दिलवाएंगे। कुछ देर बाद उक्त कथित अधिकारी ने फोन किया तथा कहा कि मेरी मजिस्ट्रेट से बात हो गई है। आप अपने सभी बैंक खातों की जमा पूंजी को हमारे बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दो।

अपर उपायुक्त बताया कि साइबर अपराधियों से डरी महिला ने उनके कहे अनुसार अपनी कुल जमा राशि 8 लाख 52 हजार रुपए उनके बताए हुए खातों में ट्रांसफर कर दी। महिला के अनुसार बाद में उसे शक हुआ तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की। अपर उपायुक्त ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि उन खातों के बारे में जानकारी की जा रही है जिनमें यह रकम ट्रांसफर की गई है।