Noida News : पुलिस हिरासत से भागा मुठभेड़ में घायल बदमाश, 8 घंटे बाद गिरफ्तार

Noida News : जिला अस्पताल से पुलिस हिरासत से भागे घायल बदमाश को पुलिस ने 8 घंटे बाद गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी दिल्ली से हुई है। यह बदमाश पुलिस मुठभेड में घायल हो गया था।
Noida News:
श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि मंगलवार तड़के सेक्टर 15 ए के पास हुए एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान बिहार के रहने वाले श्याम कुमार गोली लगने से घायल हो गया था। पुलिस ने इसके एक अन्य साथी को कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। वहां पर उपनिरीक्षक विवेक, भूपेंद्र और सुनील तैनात थे। मंगलवार सुबह 8 बजे के करीब बदमाश श्याम पुलिस कर्मियों को चकमा देकर जिला अस्पताल से भाग गया। उन्होंने बताया कि उसकी तलाश में पुलिस की कई टीम में लगाई गई। पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज को खंघाला। 50 से अधिक लोगों से पूछताछ की। घायल बदमाश अस्पताल में आने के बाद से ही भागने की फिराक में था। इस वजह से चौकन्ना था। जैसे ही पुलिसकर्मी उसे निष्क्रिय दिखाई दिए वह अस्पताल से भाग गया। वह ऑटो रिक्शा से दिल्ली में रहने वाली अपनी बहन के घर पहुंचा। वहां से कपड़े बदलकर वह भागने की तैयारी कर रहा था तभी पुलिस वहां पर पहुंच गई, तथा उसे गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि इस मामले में लापरवाही बरसाने वाले पुलिस कर्मियों की भूमिका की जांच की जा रही है।