Noida News : शेयर ट्रेडिंग में निवेश करवाने के नाम पर कंपनी संचालक से 7.66 करोड रुपए की ठगी

Nov 29, 2024 - 08:39
Noida News : शेयर ट्रेडिंग में निवेश करवाने के नाम पर कंपनी संचालक से 7.66 करोड रुपए की ठगी
Symbolic image

Noida News : शेयर ट्रेडिंग में निवेश करने के बाद मोटी रकम कमाने का लालच देकर साइबर अपराधियों ने एक कंपनी संचालक से 7.66 करोड रुपए की ठगी कर ली। अपराधियों ने कंपनी संचालक को व्हाट्सएप ग्रुप पर जोड़कर फर्जी सेंसेक्स दिखाकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित से 3 करोड़ रुपए और जमा करने के लिए जब कहा गया तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ।

Noida News : 

 थाना साइबर क्राइम के प्रभारी निरीक्षक विजय गौतम ने बताया कि बीती रात को सेक्टर 77 स्थित अंतरिक्ष फॉरेस्ट सोसायटी के निवासी सृजन ढरिया ने साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि उनके पिता दीपचंद से कुछ लोगों ने मोबाइल फोन के माध्यम से एक अक्टूबर को संपर्क किया, तथा शेयर बाजार में रकम लगाकर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया। उनके पिता उनकी बातों में आ गए तथा आरोपियों ने उन्हें फ्रेंकलिन टेंम्पलटान असेंट मैनेजमेंट कंपनी के नाम से बनें एक व्हाट्सएप ग्रुप से जोड़ दिया। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने कहा कि यह कंपनी दुनिया की बड़ी कंपनियों में शुमार है। सृजन के पिता को ग्रुप से जुड़े रहने के लिए कहा गया। कुछ दिनों बाद प्रिया शर्मा ने उनके पिता को फोन कर ग्रुप के बारे में जानकारी दी। ग्रुप में 73 लोग जुड़े हुए थे। इनमें कुछ पुलिस वर्दी में भी दिखाई दे रहे थे। इस ग्रुप पर पहले कथित रूप से ट्रेनिंग दी गई और बताया गया कि ट्रेडिंग व शेयर आईपीओ पर यहां निवेश कराया जाता है। ट्रेडिंग के दौरान बताया गया की कंपनी के सारे कामकाज सेबी के माध्यम से होते हैं। इसके बाद पीड़ित ने धीरे-धीरे कर 7.66 करोड रुपए निवेश कर दिया। उन्हें ग्रुप पर उनकी रकम दोगुनी से अधिक दिखाई दे रही थी। इसके बाद ठगो ने फोन करके उनसे तीन करोड़ रुपए और जमा करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि तीन करोड़ जमा करने के बाद उन्हें 23 करोड रुपए मिलेगा। इसके बाद पीड़ित को उनकी बातों पर शक हुआ तथा उन्होंने सेबी से पता किया, जिसके बाद उन्हें पता चला कि वह फर्जीवाड़े के शिकार हो गए हैं। इसके बाद उन्होंने गृह मंत्रालय के पोर्टल पर शिकायत की और बीती रात को थाना साइबर क्राइम में मुकदमा दर्ज करवाया।