Noida News : कारगिल विजय दिवस पर लक्ष्मी नारायण मंदिर में  रक्तदान महोत्सव, 141 यूनिट रक्त संग्रह

Jul 26, 2026 - 18:19
Noida News : कारगिल विजय दिवस पर लक्ष्मी नारायण मंदिर में  रक्तदान महोत्सव, 141 यूनिट रक्त संग्रह

Noida News : सेक्टर-56 स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर प्रांगण में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय सशस्त्र बलों को समर्पित विशाल रक्तदान महोत्सव का आयोजन किया गया। रक्त संग्रह के लिए भारतीय सेना की टीम विशेष रूप से मौजूद रही। शिविर में 166 लोग रक्तदान के लिए पहुंचे, जिनमें से 141 रक्तदाताओं से रक्त की 141 यूनिट एकत्र की गईं। वहीं, 25 लोगों को स्वास्थ्य संबंधी कारणों से बाद में रक्तदान करने के लिए कहा गया।

लक्ष्मी नारायण मंदिर के प्रबंध ट्रस्टी जे.एम. सेठ ने कहा कि कारगिल के अमर वीरों को रक्तदान के माध्यम से सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की गई है। उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर में लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया, जो गर्व की बात है।रक्तदान के साथ एम्स नई दिल्ली की टीम की ओर से नेत्रदान और अंगदान के लिए भी जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान 20 लोगों ने नेत्रदान और अंगदान का संकल्प लिया।मंदिर ट्रस्टी गुरिंदर बंसल ने बताया कि करीब 10 सदस्यों वाली ब्लड डोनेशन टीम ने मंदिर समिति के सदस्य और इस परियोजना के मुख्य प्रेरक ए.के. गुप्ता के नेतृत्व में शिविर का संचालन किया।

रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए एनईए अध्यक्ष विपिन मल्हन, महासचिव वी.के. सेठ और एनईए की टीम, पंजाबी विकास मंच के चेयरमैन दीपक विग, वाइस चेयरमैन संजीव पुरी एवं उनकी टीम, फोनरवा महासचिव के.के. जैन व उनकी टीम, आरडब्ल्यूए-56 के प्रधान संजय मावी एवं उनकी टीम तथा नया बांस सोसाइटी के प्रधान हरीश जुगरान और उनकी टीम भी मौजूद रही।

इस अवसर पर मंदिर समिति की ओर से मंदिर के लिए 10 किलोवाट का सोलर सिस्टम उपलब्ध कराने में सहयोग के लिए नया बांस सोसाइटी के प्रधान हरीश जुगरान और मंदिर की अन्नपूर्णा रसोई में चिमनी की व्यवस्था में सहयोग के लिए मंदिर महिला मंडल की सदस्य विनोद कुमारी बंसल का आभार जताया गया। विपिन मल्हन और मंदिर समिति के प्रधान आर.एन. गुप्ता ने दोनों को सम्मानित किया।

आयोजन में मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी आर.एन. गुप्ता, ओ.पी. गोयल, आर.के. भट्ट, इंदर पाल खंडपुर, हरीश सभरवाल, अंबेश भांबरी, संजीव बांधा तथा ब्लड डोनेशन टीम के डॉ. कर्नल योगेश मानिकतला, करण अनेजा, अभिषेक जैन, सुशील रियू, नितिन गुप्ता, अशोक त्यागी, निर्मल हांडा, मंजू सेठ, मधु भट्ट और वंदना बंसल समेत अन्य लोगों ने योगदान दिया और रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित किया।