Noida News : फर्जी आय प्रमाण पत्र के आधार पर आरटीई के तहत स्कूलों में दाखिला, दो छात्रों का नामांकन होगा रद्द

Oct 6, 2026 - 13:06
Noida News : फर्जी आय प्रमाण पत्र के आधार पर आरटीई के तहत स्कूलों में दाखिला, दो छात्रों का नामांकन होगा रद्द
Symbolic Image

Noida News : राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ मिली भगत कर कुछ लोग फर्जी दस्तावेज बनवाकर शिक्षा के अधिकार अधिनियम के तहत धोखाधड़ी कर अपने बच्चों का दाखिला करवा रहे हैं। इस तरह का एक मामला संज्ञान में आया है। इसमें दो छात्रों के दाखिले निरस्त किए जाएंगे।

बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने आज बताया कि सेक्टर-50 स्थित जीडी गोयंका ग्लोबल स्कूल और कोठारी इंटरनेशनल स्कूल में पढ़ रहे दोनों छात्रों ने गलत आय प्रमाण पत्र के आधार पर आरटीई के तहत दाखिला लिया था। दोनों छात्र करीब तीन साल से निजी स्कूलों में पढ़ाई कर रहे थे। मामला सामने आने के बाद अब प्रशासन ने दोनों दाखिलों पर कार्रवाई की है। 

उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बेसिक शिक्षा विभाग को दोनों दाखिले खत्म कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही गलत आय प्रमाण पत्र जारी करने वाले संबंधित लेखपाल के खिलाफ भी कार्रवाई करने को कहा गया है। आरोप है कि पात्रता की समुचित जांच किए बिना लेखपाल ने आय प्रमाण पत्र जारी कर दिया। 

उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को निजी स्कूलों की 25 प्रतिशत सीटों पर निशुल्क प्रवेश दिया जाता है। इसके लिए अभिभावकों को आय समेत पात्रता से जुड़े विभिन्न दस्तावेज प्रस्तुत करने होते हैं। दोनों छात्रों ने इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर आरटीई में प्रवेश लिया था। प्रवेश मिलने के बाद वे करीब तीन साल तक संबंधित निजी स्कूलों में शिक्षा हासिल कर रहे हैं। अब आय प्रमाण पत्र गलत पाए जाने के बाद उनके दाखिले पर कार्रवाई की जा रही है।

मामले में प्रशासन ने सिर्फ दाखिले तक कार्रवाई सीमित नहीं रखी है। गलत आय प्रमाण पत्र जारी करने वाले लेखपाल की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है। जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश एसडीएम दादरी को दिए हैं। इससे साफ है कि प्रशासन अब आरटीई के तहत पात्रता तय करने में इस्तेमाल होने वाले प्रमाण पत्रों की जांच को लेकर गंभीर है। यदि दस्तावेजों की जांच में लापरवाही साबित होती है तो संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जनपद गौतम बुद्ध नगर में में आरटीई के तहत गलत दस्तावेजों के आधार पर दाखिला लेने का मामला सामने आने के बावजूद अब तक दाखिला निरस्त करने जैसी कार्रवाई देखने को नहीं मिली थी। यह पहली बार है जब गलत आय प्रमाण पत्र के आधार पर बीच सत्र में दो आरटीई दाखिलों को निरस्त किया जा रहा है। इस कार्रवाई के बाद आरटीई के तहत दाखिले के लिए लगाए जाने वाले आय प्रमाण पत्रों की जांच और सख्त होगी।