Noida News : एलिवेटेड रोड पर रसोई गैस के खाली सिलेंडर से लदे ट्रक में लगी आग

Sep 15, 2026 - 17:45
Noida News : एलिवेटेड रोड पर रसोई गैस के खाली सिलेंडर से लदे ट्रक में लगी आग
एलिवेटेड रोड पर ट्रक में लगी आग की फोटो

Noida News : नोएडा के थाना सेक्टर-24 क्षेत्र में एलिवेटेड रोड पर मंगलवार दोपहर करीब एक बजे खाली गैस सिलेंडरों से लदे छोटे ट्रक में आग लग गई। राहगीरों की सूचना पर दमकल विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल की चार गाड़ियों ने करीब आधे घंटे में आग पर काबू पाया। पुलिस के अनुसार एलिवेटेड रोड पर ट्रक के निचले हिस्से में वायरिंग में आग लगने से धुआं उठने लगा। यह देखकर चालक दिलीप कुमार ने तत्काल ट्रक रोका और नीचे उतर आया। इसी बीच आग ने विकराल रूप ले लिया। गनीमत रही कि ट्रक में लदे सभी गैस सिलेंडर खाली थे। यदि सिलेंडरों में गैस भरी होती तो आग लगने की घटना गंभीर रूप ले सकती थी।

CFO Noida : मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि राहगीरों ने इसकी सूचना दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस को दी। विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, इस दौरान ट्रक से उठता धुआं आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बना। ट्रक में आग लगने की घटना के चलते एलिवेटेड रोड पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हुआ। आग बुझने के बाद ट्रक को क्रेन की मदद से सड़क से हटाया गया। इसके बाद यातायात सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू की गई। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। पुलिसकर्मियों ने लोगों को घटनास्थल से हटाकर यातायात व्यवस्था संभाली।

इस घटना का पांच सेकंड का एक वीडियो भी सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर वायरल हुआ है। इसे किसी वाहन चालक ने अपने मोबाइल फोन से बनाया। वीडियो में एलिवेटेड रोड पर खड़े ट्रक से धुआं उठता दिखाई दे रहा है। ट्रक से निकलता धुआं काफी दूर तक नजर आ रहा था।