Noida News : सुपरटेक बायर्स की लड़ाई लड़ रहे शख्स पर कार सवार नकाबपोश बदमाशों ने किया हमला

Noida News : सुपरटेक बायर्स की लड़ाई लड़ रहे एक रेजिडेंट पर कार सवार नकाबपोश बदमाशों ने हमला कर दिया। यह घटना थाना सेक्टर-113 क्षेत्र के परथला फलाईओवर के पास उस वक्त हुई जब पीड़ित दिल्ली के जंतर मंतर पर सुपरटेक बिल्डर के खिलाफ धरना प्रदर्शन में शामिल होने जा रहा था। पीड़ित ने सुपरटेक बिल्डर पर हमला कराने का आरोप लगाया है। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने सुपरटेक बिल्डर के कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
Noida News :
थाना सेक्टर-113 के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि सुपरटेक इकोविलेज निवासी महेंद्र कुमार सुपरटेक बायर्स की लड़ाई कई वर्षों से लड़ रहे हैं। यूनाइटेड होम बायर्स के नाम पर वह धरना-प्रदर्शन से लेकर कानूनी लड़ाई लड़ रहे हैं। रविवार को महेंद्र कुमार ऑटो से जंतर मंतर जाने के लिए सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान पर्थला फ्लाईओवर के पास नकाबपोश बदमाशों ने कार से ओवरटेक कर उनके ऑटो को रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने पीड़ित पर डंडों से हमला कर दिया। इसमें उनकी अंगुली टूट गई और कंधे व हाथ में चोटें आईं। इस घटना के बाद घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद उनको छुट्टी दे दी गई है। इस घटना के बाद सुपरटेक बायर्स में गुस्सा है। आरोप है कि बिल्डर ने ही यह हमला कराया है। पीड़ित का कहना है कि सुपरटेक के हजारों घर खरीदार पिछले दस साल से अपने फ्लैट के इंतजार में दर दर भटक रहे हैं। वो इनकी आवाज उठा रहे है। इस कारण उनपर यह हमला किया गया है। होम बायर्स को भी यह अंदेशा है कि इस घटना के पीछे सुपरटेक प्रबंधन का हाथ है। नोएडा के एडीसीपी मनीष मिश्र का कहना है कि इस मामले में कोतवाली सेक्टर-113 में सुपरटेक बिल्डर के कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।