Noida News : जापानी सिटी बसाने के लिए 60 प्रतिशत भूमि की हुई खरीद, इसी माह भारत आएगा जापानी प्रतिनिधिमंडल
Noida News : यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर-पांच ए में विकसित होने वाली जापानी सिटी को बसाने की प्रक्रिया तेज हो गई है। जापानी सिटी के लिए अब तक 60 प्रतिशत भूमि की खरीद हो चुकी है। इसी के साथ यीडा ने जापानी कंपनियों को निवेश के लिए आमंत्रित करना भी शुरू कर दिया है।
Yamuna Expressway Industrial Development Authority News : यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आर के सिंह ने बताया कि सेक्टर- पांच ए में 500 एकड़ में जापानी सिटी बसाने की योजना है। जापानी सिटी में औद्योगिक और संस्थागत, आवासीय, वाणिज्यक सभी श्रेणी में गतिविधि होंगी। परियोजना को अंतिम रूप देने के लिए तेजी से भूमि खरीद चल रही है। यीडा किसानों से सीधे संवाद कर जमीन खरीदी रही है। अब तक 3,00 एकड़ भूमि की खरीद हो चुकी, जो कुल भूमि का लगभग 60 प्रतिशत है। खास बात यह है कि जापानी सिटी में जापान के उद्यमी ही निवेश कर सकेंगे। यहां सिर्फ जापानी लोग ही रहेंगे और उन्हीं को ही उद्योग की मंजूरी दी जाएगी। जापानी सिटी की कंपनियों में काम करने वाले लोगों को घर, स्कूल, अस्पतालों और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएगी। इस परियेाजना को नीमराणा की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि यहां निवेश के तौर पर क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियां आएंगी। खास तौर पर एआई, सेमीकंडक्टर, ग्रीन हाइड्रोजन एनर्जी, सोलर इनर्जी, ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी निवेश होगा। इस प्रस्तावित सिटी में आधारभूत ढांचा सरकार विकसित करेगी। इन शहरों में उच्चस्तरीय सड़कें, बिजली, सुरक्षा के साथ-साथ नागरिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। शहर में मुख्य फोकस विदेशी निवेश बढ़ाने पर है, ताकि लोगों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सके।
उन्होंने बताया कि इसी माह में जापान से 200 लोगों का एक प्रतिनिधिमंडल भारत आ रहा है। यह प्रतिनिधिमंडल 20, 21 या 22 तारीख को यीडा पहुंचेगा। यहां एस्कोर्ट कबौटा के कार्यक्रम में शामिल होगा और यीडा अफसरों के साथ बैठक करेगा। प्रतिनिधिमंडल को यहां विकसित होने वाली जापानी सिटी, नोएडा एयरपोर्ट समेत अन्य परियोजनाओं के बारे में बताते हुए निवेश आकर्षित करने पर ही फोकस होगा।

