Noida News : 6 शातिर बदमाश गिरफ्तार, 10 किलो गांजा, शराब व देशी तमंचा बरामद

Noida News : थाना दादरी, थाना सेक्टर-20 तथा थाना सेक्टर-63 की पुलिस ने अलग-अलग जगहों से तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उसके पास से 10 किलो 350 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इसके अलावा अन्य थानों की पुलिस ने शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर असलहा और शराब बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार थाना दादरी पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से अवैध गांजा बरामद किया है। थाना दादरी के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि एक सूचना के आधार पर उप निरीक्षक राजेश बाबू ने हर्षद पुत्र सागर निवासी जनपद बुलंदशहर को अजायबपुर के पास से गिरफ्तार किया है। इसके पास से पुलिस को 4 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा मिला है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी काफी दिनों से अवैध रूप से गांजा बेचने के धंधे में संलिप्त है।
थाना सेक्टर-63 के प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि थाना पुलिस ने मोहन कुमार उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया है। इसकी गिरफ्तार सीआईएसएफ अंडरपास के पास से हुई है। इसके पास से पुलिस को 5 किलो 150 ग्राम अवैध गांजा मिला है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी एक महिला को यह गांजा देने के लिए आया था। उसने पुलिस को बताया कि यह गांजा वह दिल्ली से लेकर आया था। एक व्यक्ति दिल्ली में उसे गांजा लाकर देता है तथा वह नोएडा में गांजा बेचने वाली एक महिला को गांजा सप्लाई करता है। आरोपी महिला का नाम बताने में असफल रहा। उन्होंने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में कोर्ट ने जेल भेज दिया है।
थाना सेक्टर-20 के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया की फिल्म सिटी के गंदे नाले के पास से उप निरीक्षक नीरज कुमार ने खुर्शीद पुत्र मोहम्मद जमील को गिरफ्तार किया है। इसके पास से पुलिस को 1 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा मिला है। थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह झुग्गी बस्ती में रहने वाले लोगों को अवैध रूप से गांजा बेचता है। उन्होंने बताया कि एक अन्य सूचना के आधार पर थाना पुलिस ने असलम पुत्र नइम को गिरफ्तार कर 25 पाउच देशी शराब बरामद किया है।
थाना सेक्टर-58 पुलिस ने अतुल पुत्र महेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर एक अवैध चाकू बरामद किया है। एक अन्य मामले में थाना पुलिस ने चेतन कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया है। इसके पास से पुलिस ने अवैध हथियार और चोरी के मोबाइल फोन बरामद किया है। वहीं सुकेश कुमार नामक बदमाश से 40 पव्वा तथा अल्तमश पुत्र आफताब से 25 पव्वा देसी शराब बरामद हुई है।
थाना फेस-3 के प्रभारी निरीक्षक ध्रुव भूषण दुबे ने बताया कि थाना पुलिस ने दीपक पुत्र चंदन को गिरफ्तार किया है। इसके पास से पुलिस को एक अवैध चाकू मिला है। यह लूटपाट करने की नियत से अवैध हथियार लेकर घूम रहा था।
थाना सेक्टर-142 के प्रभारी निरीक्षक पुष्पराज सिंह ने बताया कि उपनिरीक्षक सुरेंद्र सिंह ने सेक्टर-140 के पास से आशीष पांडे पुत्र गुड्डू पांडे को गिरफ्तार कर एक देसी तमंचा और कारतूस तथा मोटरसाइकिल बरामद किया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया है कि वह मोटरसाइकिल से रेकी करके चोरी की वारदात को अंजाम देता है।