Noida News : जनपद में अलग अलग हादसों में 6 लोगों की मौत

May 28, 2024 - 12:20
Noida News : जनपद  में अलग अलग हादसों में 6 लोगों की मौत
symbolic Image
Noida News : 
टेबल फैन से लगा करंट, मौत 
 थाना ईकोटेक- प्रथम क्षेत्र के लुक्सर गांव में किराए के मकान में रहने वाले एक व्यक्ति को सोमवार को टेबल फैन से करंट लग गया। इस घटना में उसकी मौत हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
 थाना ईकोटेक- प्रथम के प्रभारी  अनुज राणा ने बताया कि भोलानाथ पुत्र राम सुरेश उम्र 46 वर्ष मूल निवासी जनपद सुल्तानपुर ग्रेटर नोएडा के लुक्सर गांव स्थित एक व्यक्ति के मकान में किराए पर रहते थे। वह ग्रेटर नोएडा में स्थित एक नामी कंपनी में काम करते थे। उन्होंने बताया कि सोमवार को वह नहाने के लिए बाथरुम में गए। नहाकर गिले पैर वह वापस आए, तथा उनके कमरे मे चल रहे टेबल फैन को उन्होंने घूमना शुरू किया। इसी बीच टेबल फैन से उन्हें करंट लग गया। वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनकी मौत हो गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बोटैनिकल गार्डन मेट्रो स्टेशन पर अज्ञात नेपाली महिला का शव मिला
थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के बोटैनिकल गार्डन के पास एक अज्ञात नेपाली महिला का शव पुलिस को मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।
 थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बीती रात को पुलिस को सूचना मिली कि बोटैनिकल गार्डन के पास एक अज्ञात महिला डिवाइडर पर बेहोशी की हालत में पड़ी है। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां पर डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि महिला नेपाल देश की रहने वाली हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस आसपास के लोगों और सोशल मीडिया की सहायता से शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
यमुना नदी में मिला अज्ञात पुरुष का शव
थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के यमुना नदी में एक 40 वर्षीय अज्ञात पुरुष का शव सोमवार को मिला है। थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
 पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि सोमवार को थाना नॉलेज पार्क पुलिस को सूचना मिली कि यमुना नदी में एक 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मीडिया प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि शव नदी में पीछे से बहकर आया है। उन्होंने बताया कि आसपास के लोगों और सोशल मीडिया के माध्यम से शव की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।
विभिन्न सड़क हादसों में तीन की मौत
गौतम बुद्ध नगर के विभिन्न जगहों पर हुए विभिन्न सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई है।
 पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि  सिकंदराबाद में हुए  एक सड़क हादसे में श्रीमती मालती पत्नी शनि उम्र 40 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें उपचार के लिए ग्रेटर नोएडा के जिम्स  अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई है। थाना कासना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया सेक्टर 39 स्थित जिला अस्पताल में अनिल कुमार पुत्र विजेंद्र उम्र 19 वर्ष को गंभीर हालत में भर्ती करवाया गया। वह एक सड़क दुर्घटना के शिकार हो गए थे। उपचार के दौरान उनकी आज मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि थाना सेक्टर 39 पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मीडिया प्रभारी ने बताया कि थाना बीटा दो क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में नंदकिशोर पुत्र नाथूराम उम्र 42 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि उन्हें उपचार के लिए एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था जहां पर इलाज के दौरान आज उनकी मौत हो गई। थाना बीटा- दो पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।