Noida News : बालिका गृह से 15 वर्षीय किशोरी लापता

Noida News : थाना सेक्टर 24 क्षेत्र के सेक्टर-12 स्थित साईं कृपा बालिका गृह से 15 वर्षीय किशोरी संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। वह एक सप्ताह पहले थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में लावारिस हालत में मिली थी। उसे बाल कल्याण समिति द्वारा तीन अक्टूबर को बालिका गृह में भर्ती कराया था। किशोरी के लापता होने पर बालिका गृह की कोऑर्डिनेटर ने थाना सेक्टर-24 में मुकदमा दर्ज कराया है।
Noida News :
थाना सेक्टर 24 के प्रभारी निरीक्षक ध्रुव भूषण दुबे ने बताया कि संस्था की कोऑर्डिनेटर शिवानी चौधरी ने पुलिस को बताया कि बालिका गृह की संचालिका अंजना राजगोपाल हैं। उन्होंने बताया कि तीन अक्टूबर की शाम करीब 6 बजकर 50 मिनट पर बाल कल्याण समिति के आदेश पर 15 वर्षीय किशोरी को भर्ती कराया गया था। किशोरी मूलरूप से बिहार के जिला पूर्णिया की रहने वाली है। वह थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सेक्टर-37 स्थित पिंक बूथ पर लावारिस अवस्था में मिली थी। उसने शुरुआत में पुलिस को बताया था कि उसके माता-पिता नहीं हैं। नाना-नानी और मामा हैं। पुलिस ने बाल कल्याण समिति की निगरानी में किशोरी को बालिका गृह में भेज दिया था। जहां उसकी काउंसिलिंग की जा रही थी। शिवानी चौधरी ने बताया कि गृह में आने के बाद उसने माता-पिता का नाम और मोबाइल नंबर भी बताया। उसने बताया कि माता-पिता वर्तमान में पंजाब में रहते हैं। वह अपने चचेरे भाई के साथ दिल्ली घूमने आई थी। नोएडा कैसे पहुंची, इसके बारे में कुछ जानकारी नहीं दी। चार अक्टूबर की शाम बालिका गृह में रहने वाली लड़कियां परिसर में ही घूम रही थीं। शाम करीब सात बजे सभी लड़कियों को अपने-अपने कमरे में जाने के लिए कहा। गिनती करने पर पता चला कि किशोरी अपने कमरे में नहीं है। गृह में लगे सभी आठ कैमरों की फुटेज देखी तो वह परिसर में घूम रही थी। मुख्य द्वारा पर लगे सीसीटीवी कैमरे में भी किशोरी दिखाई नहीं दी। आशंका जताई जा रही है कि वह परिसर में कहीं छिप गई थी और दीवार कूदकर कहीं चली गई है। हालांकि किशोरी के गायब होने की घटना से बालिका गृह की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं। एडीसीपी मनीष कुमार मिश्र का कहना है कि किशोरी के माता-पिता से संपर्क हो गया है। किशोरी को खोजने में उनसे भी मदद ली जा रही है। जल्द ही किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।