Noida News : कर्नल सोफिया कुरैशी के समर्थन में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, मंत्री की अभद्र टिप्पणी पर आक्रोश

Noida News : मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई अभद्र टिप्पणी पर पूरे देश के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगबाग मंत्री के बयान की जमकर निंदा कर रहें है।
नोएडा में कर्नल सोफिया कुरैशी के समर्थन में गुरूवार को महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने मंत्री विजय शाह द्वारा की गई अशोभनीय टिप्पणी एवं अमर्यादित भाषा के खिलाफ सेक्टर-19 स्थित सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन से पूर्व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री विजय शाह द्वारा हमारे देश की बेटी एवं भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी के बारे में अभद्र, अमर्यादित एवं अशोभनीय टिप्पणी की गई है।
संवैधानिक पद पर आसीन मंत्री द्वारा देश की बेटी का यह अपमान नारीशक्ति और सेना का अपमान है। हम भाजपा सरकार से मांग करते हैं कि ऐसे लोगों को तत्काल प्रभाव से मंत्री पद से हटाया जाए। प्रदेश सचिव पुरूषोतम नागर ने कहा कि मंत्री का बयान पूरी भाजपा की मानसिकता को दर्शाता है, भाजपाई एक सैनिक में भी राष्ट्र धर्म को नहीं बल्कि धर्म को देखते हैं।
धरना-प्रदर्शन के दौरान स्टेट कॉर्डिनेटर सोशल मीडिया पवन शर्मा, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव लियाकत चौधरी, पीसीसी फिरे सिंह नागर, पीसीसी यतेंद्र शर्मा, संजय तनेजा, राजकुमार त्यागी, रामकुमार शर्मा, कैप्टन पीएस रावत, विक्रम चौधरी, मधुराज, वीरो देवी, सतीश, शिवम, आकाश, हिमांशु, लोकेश, प्रवीण, नरेन्द्र, राम नरेश, विकास, राहुल, अभिषेक अरुण प्रधान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।