Noida News : गौतमबुद्व नगर में बढ़ते अपराध पर कांग्रेस पदाधिकारियों ने सीएम से मांगा इस्तीफा

Aug 29, 2025 - 18:43
Noida News : गौतमबुद्व नगर में बढ़ते अपराध पर कांग्रेस पदाधिकारियों ने सीएम से मांगा इस्तीफा

 Noida News : जनपद गौतमबुद्व नगर में पिछले एक-दो महीनों से बढ़ रहे अपराध और हत्याओं को लेकर जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा आज एक प्रेस वार्ता का आयोजन सेक्टर-52 स्थित पार्टी कार्यालय में किया गया।


महानगर कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता पवन शर्मा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि जिले एवं शहर में इन दिनों अपराधी बेलगाम हो रहे हैं, थानों में कोई शिकायत दर्ज नहीं हो रहीं हैं। प्रेस वार्ता का मुख्य उद्देश्य यही है कि आपके माध्यम से सरकार को जगाया जाए।

महानगर अध्यक्ष मुकेश यादव ने कहा कि जो रामराज्य लाने की बातें करते थे आज वो बताएं कि महिलाओं के प्रति अपराधों में 15 फीसदी की बढ़ोतरी सिर्फ उत्तर प्रदेश में हुई है। जो महिलाओं की सरंक्षण की बातें करते हुए सत्ता में आसीन हुए हैं आज वो बलात्कारियों को संरक्षण देने का काम कर रहे हैं। पूरे प्रदेश का शायद ही कोई जनपद होगा जहां आए दिन कोई जघन्य अपराध न होता हो।


जिलाध्यक्ष दीपक भाटी ने जिले में पिछले एक-दो महीने में हुई अपराधिक घटनाओं पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार उत्तर प्रदेश में महिलाओं और दलितों के खिलाफ अपराध सबसे ज्यादा हो रहे हैं। जिसमें अभी ताजा मामला निक्की की हत्या का है। कॉलेज में पढ़ने वाले बच्चे और बच्चियां कॉलेज प्रशासन की यातना से परेशान होकर आत्महत्या को मजबूर हुए हैं लेकिन सुनने वाला कोई नहीं है। पुलिस प्रशासन कॉलेज प्रशासन के लोगों को बचाने का काम कर रहे हैं। पिछले दिनों पत्रकार से नोएडा में चेन और अन्य सामान दिन-दहाड़े लूट लिया जाता है।

नकली पुलिस थाना पुलिस प्रशासन की नाक के नीचे नोएडा में चलाया जाता है और बेकसूर लोगों को निशाना बना कर लूटा जाता है। उन्होंने कहा कि साइबर क्राइम के सबसे ज्यादा शिकार नोएडा के लोगों को बनाया जा रहा है। फेक इनकाउंटर करके जनता को भ्रमित किया जा रहा है।

 उक्त घटनाएं यह स्पष्ट करती हैं कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज खत्म हो चुका है तथा अपराध और अराजकता का राज कायम है। हम मुख्यमंत्री से मांग करते हैं कि या तो अपनी जिम्मेदारियों को निभाओ और नहीं निभा सकते हैं तो नैतिकता के आधार पर उनको इस्तीफा दे देना चाहिए।


प्रेस वार्ता के दौरान अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय सचिव लियाकत चौधरी, वरिष्ठ नेता फिरे सिंह नागर, संजय तनेजा, बागपत प्रभारी सतेंद्र शर्मा, जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष गौतम अवाना, जिला संगठन प्रभारी मुकेश शर्मा, शहर संगठन प्रभारी ललित अवाना, महासचिव दयाशंकर पांडेय, रामकुमार शर्मा, विक्रम चौधरी, मजहर हुसैन, एसएस सिसोदिया, सुबोध भट्ट सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।