Greater Noida News : मंदिर का दान पात्र तोड़कर चोरी करने वाले दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
Greater Noida News : मंदिर का दान पात्र तोड़कर चोरी करने वाले दो बदमाशों को आज सुबह को थाना सूरजपुर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उनके पैर में लगी है। इनके पास से पुलिस ने अवैध हथियार, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, 20 हजार 700 रूपए नगद, मोबाइल फोन तथा ताला तोड़ने का औजार बरामद किया है।
Police Station Surajpur Greater Noida News : अपर पुलिस उपायुक्त द्वितीय संतोष कुमार ने बताया कि थाना सूरजपुर पुलिस आज सुबह को मोजर बियर कंपनी के पास बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर दो लोग सामने से आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रूकने का इशारा किया तो वे रुकने की बजाए वहां से बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा करके उन्हें घेर लिया। अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली सिराजुद्दीन उर्फ गुड्डू तथा मयंक शर्मा के पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि सिराजुद्दीन के खिलाफ पूर्व में विभिन्न थानों में 17 तथा मयंक के खिलाफ 6 मुकदमे दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि इन बदमाशों के पास से नवादा गांव स्थित एक मंदिर के दान पात्र को तोड़कर की गई चोरी की रकम मे से 20 हजार 700 रूपए नगद तथा तिलपता गांव स्थित एक घर में घुसकर की गई चोरी के सामान में से मोबाइल फोन, 2165 रूपए नगद ,बैग, आधार कार्ड तथा ताला तोड़ने के उपकरण आदि बरामद हुआ है। इन बदमाशों के पास से पुलिस ने एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल भी बरामद किया है। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों ने एनसीआर में चोरी और लूटपाट की दर्जनों वारदातें करनी स्वीकार की है।

