Greater Noida News : थाना ईकोटेक- प्रथम पुलिस ने जेल से छूटकर घर जा रहे एक व्यक्ति पर जानलेवा हमला करने के तीन आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने अवैध हथियार, पिस्टल, स्विफ्ट कार आदि बरामद किया है। गिरफ्तार बदमाशों में एक शार्प शूटर भी शामिल है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली 2 बदमाशों के पैर में लगी है।
Greater Noida News :
अपर पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय अशोक कुमार सिंह ने बताया कि थाना ईकोटेक- प्रथम पुलिस ने एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान बृहस्पतिवार की रात को तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा चलाई गई गोली प्रिंस खटाना पुत्र सतीश खटाना निवासी सिकंदराबाद जनपद बुलंदशहर उम्र 25 वर्ष तथा अभिषेक पुत्र रामकृष्ण जोशी निवासी जनपद बुलंदशहर उम्र 23 वर्ष को लगी है। उन्होंने बताया कि इसका एक अन्य साथी सौरव पुत्र संजय पाल निवासी रुड़की हरिद्वार मौके से भाग गया था, जिसे पुलिस ने पीछा करके पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने एक देसी तमंचा, घटना में प्रयुक्त कार, एक पिस्टल आदि बरामद किया है। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों ने हत्या के प्रयास के मामले में जेल में बंद यश नागर के ऊपर उसे समय गोली चलाई जब वह जेल से जमानत पर रिहा होकर अपने घर जा रहे थे। गोली एक राहगीर को लगी, जबकि यश नागर बच गया था। उन्होंने बताया कि इस मामले में मनोज नागर, कपिल नागर और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि अभियुक्त प्रिंस खटाना एक शार्प शूटर है ,जो पैसे लेकर किसी की भी हत्या करता है। उन्होंने बताया कि प्रिंस के खिलाफ पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि इस घटना के मुख्य सूत्रधार मनोज नागर और कपिल नगर आदि की तलाश की जा रही है।