Greater Noida News : छात्र-छात्राओं को मादक पदार्थ सप्लाई करने वाले तीन गिरफ्तार, लाखों रुपए कीमत का गांजा बरामद

Jan 15, 2026 - 12:06
Greater Noida News : छात्र-छात्राओं को मादक पदार्थ सप्लाई करने वाले तीन गिरफ्तार, लाखों रुपए कीमत का गांजा बरामद
File Photo : Police Station Knowledge Park

Greater Noida News : थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने बीती रात को एक सूचना के आधार पर तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने लाखों रुपए कीमत के 102 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि यह लोग यहां के विभिन्न यूनिवर्सिटी और कॉलेज में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अवैध रूप से गांजा सप्लाई करते हैं। आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि यह लोग उड़ीसा प्रांत से गांजा तस्करी करके एनसीआर में लाते हैं, तथा विभिन्न जगहों पर बेचते हैं।

Police Station Knowledge Park Greater Noida News : अपर पुलिस उपायुक्त जोन तृतीय सुधीर कुमार ने बताया कि थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने बीती रात को एक सूचना के आधार पर तुगलपुर मार्केट के पास से एक एक्सेंट कार में सवार संजीव साहू पुत्र पप्पू साहू निवासी जनपद बदायूं, रिंकू यादव पुत्र बृजेश यादव निवासी मोरना गांव नोएडा तथा अभिषेक कुमार पुत्र राजेंद्र पासवान निवासी जनपद बेगूसराय बिहार को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि ये लोग एक कार में सवार होकर जा रहे थे। जब कार की तलाशी ली गई तो उसमें से 102 किलो 400 ग्राम अवैध गांजा मिला है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस को बताया है कि इस गैंग का लीडर संजीव साहू है। ये लोग उड़ीसा प्रांत से गांजा तस्करी करके एनसीआर में लाते हैं। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस को बताया कि वे लोग अच्छे-अच्छे कॉलेज, यूनिवर्सिटी जैसे नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी, शारदा यूनिवर्सिटी, एमेटी यूनिवर्सिटी, जीएल बजाज कॉलेज, गलगोटिया यूनिवर्सिटी सहित विभिन्न कॉलेज और यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को अवैध रूप से गांजा सप्लाई करते हैं। उन्होंने बताया कि बरामद गांजा की कीमत करीब 20 लाख रुपए है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस को गांजा तस्करी करने वाले गैंग के कुछ अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिली है। जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी।