Noida News : विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत जिले में 1,76 लाख मतदाताओं को विवरण ना देने पर जारी होगा नोटिस
Noida News : विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत जिले में 1.76 लाख मतदाताओं को वर्ष 2003 का विवरण न देने पर नोटिस जारी होंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने विधानसभा वार सूची तैयार कर ली है। सबसे अधिक दादरी विधानसभा के 98,858 मतदाताओं ने विवरण पेश नहीं किया। जिले में चार नवंबर से एसआईआर जारी था। करीब 1868 बीएलओ ने घर-घर जाकर फॉर्म वितरित किए। लोकसभा चुनाव के तहत जिले में कुल 18,65,673 मतदाता पर सर्वे किया गया। अधिकारियों ने दावा किया कि बीएलओ ने शत प्रतिशत गणना पत्र बांटे, लेकिन कुल 1418202 फॉर्म का डिजिटाइजेशन यानी जमा हुए।
कुल 1241974 मतदाता की मैंपिग हो चुकी हैं। यानी ये मतदाता अपना और परिवार का 2003 का विवरण पेश कर चुके हैं। 176228 मतदाता ऐसे हैं, जिन्होंने अपना और परिवार का 2003 का विवरण पेश नहीं किया। कुल 23.98 प्रतिशत यानी 4,47,471 मतदाताओं को (अनुपस्थित, स्थानारिंत व मृत) श्रेणी में रखा गया है। इन सभी को मतदाता सूची से बाहर किया जाएगा। हालांकि, जिन्होंने अपना 2003 का विवरण नहीं दिया है, ऐसे मतदाताओं को जिला प्रशासन की ओर से नोटिस जारी किए जाएंगे। चुनाव आयोग की इसके लिए गाइडलाइन जारी हो गई है। इसके तहत अब जिला प्रशासन ने नोटिस जारी करने की तैयारी कर ली है। जवाब न देने पर इन्हें भी मतदाता सूची से हटाया जा सकता है। एसआईआर के तहत मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी होने के बाद मतदाताओं ने फॉर्म जमा करने शुरू कर दिए हैं। इनमें ज्यादा मतदाता फॉर्म-6 यानी सूची में नाम शामिल करने और फॉर्म-8 पता परिवर्तन के जमा कर रहे हैं। अबतक 32085 मतदाताओं ने फॉर्म-6 और 27060 ने फॉर्म-8 जमा किए हैं। इनमें नोएडा विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-6 जमा करने वाले 11490 और फॉर्म-8 वाले 13112 मतदाता हैं। दादरी में 13830 ने फॉर्म-6 और 11923 ने फॉर्म-8 जमा किए। जेवर विधानसभा क्षेत्र में 6765 ने फॉर्म-6 और 2025 ने फॉर्म-8 जमा किए।
अपर जिलाधिकारी( वित्त एवं राजस्व) अतुल कुमार ने बताया कि जिले के 1.76 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। उनकी सूची तैयार कर ली गई है। ड्राफ्ट तैयार होने के बाद तेजी से मतदाता खुद को सूची में शामिल करा रहे हैं। अंतिम सूची का प्रकाशन मार्च में होगा।

