Greater Noida News : नामी यूनिवर्सिटी में छात्रा के साथ रैगिंग, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा की बेनेट यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में एक छात्रा से कथित तौर पर रैगिंग करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया में इस घटना की एक वीडियो वायरल हुई है। इसके बाद यूनिवर्सिटी ने ऐक्शन लेते हुए आरोपी छात्राओं को निष्कासित कर दिया है। जिन छात्राओं के खिलाफ कार्रवाई हुई है वे पूरे कॉलेज में मारपीट और बदसलूकी करने के लिए कुख्यात हैं। वायरल वीडियो में एक छात्रा अपने सामने बैठी दूसरी छात्रा को बाल पकड़कर थप्पड़ मारती और गंदी गालियां देती दिख रही है।
कई सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म पर वायरल तीन मिनट 17 सेकेंड के वीडियो में देखा जा सकता है कि हॉस्टल में कुछ छात्राएं बातचीत कर रही हैं। इनमें एक छात्रा दूसरी छात्रा से सॉरी बोलने और हर बार सॉरी बोलने पर एक खुराक यानी थप्पड़ मारने की बात कर रही है। थोड़ी देर की बातचीत के बाद एक लड़की, पास में ही काले रंग के टॉप में खड़ी लड़की को उसके पिता पर कुछ गलत टिप्पणी करने की बात कहकर उकसाते हुए उसे लाल रंग के टॉप में बिस्तर में बैठी छात्रा को मारने के लिए बोलती है। तभी वीडियो बना रही लड़की भी उसे उकसाती है। इस दौरान तालियां बजाकर भी उकसाया जाता है।
काले रंग के टॉप पहनी छात्रा, बिस्तर पर बैठी छात्रा के दोनों हाथ पकड़कर उसे करीब सात बार थप्पड़ मारती है। इसके बाद छात्रा गंदी गालियां देती है। साथ ही, उसके पिता के बारे में गलत बोलने का आरोप भी लगाती है। परिवार की इज्जत पर भी सवाल उठाती है।
कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इस वीडियो को पोस्ट करते हुए कड़ी आपत्ति जाहिर की। वहीं, इस प्रकरण में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीप) के कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई की मांग की। एबीवीपी ग्रेटर नोएडा इकाई ने यूनिवर्सिटी प्रशासन से तत्काल इस पर संज्ञान लेने की मांग करते हुए कुलपति एवं प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। प्रांत मंत्री गौरव गौर ने कहा कि विश्वविद्यालयों में सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित करना जरूरी है। वहीं समाजवादी छात्र सभा के जिला अध्यक्ष मोहित नागर ने कहा कि इस मामले में पुलिस तुरंत मुकदमा दर्ज करें, तथा आरोपी छात्राओ के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में कॉलेज प्रशासन और पुलिस कोताही बरत रही है। उन्होंने कहा कि अगर पीड़ित छात्रा के साथ न्याय नहीं हुआ तो समाजवादी पार्टी सड़क पर उतरकर इसका विरोध करेगी।
इस मामले में अपर पुलिस उपायुक्त ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो बेनेट यूनिवर्सिटी की है, जो करीब 10 से 15 दिन पुराना बताया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले में कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस मामले में अभी तक किसी पक्ष द्वारा कोई शिकायत नहीं की गई है।
वही यूनिवर्सिटी के रजिस्टर अजय यादव ने बताया कि यूनिवर्सिटी ''वीडियो में मारपीट करने वाली छात्रा, वीडियो बनाने वाली और अन्य सभी को कॉलेज से निष्कासित किया गया है। उनके माता-पिता को मामले की सूचना दी गई है। यूनिवर्सिटी प्रबंधन भी इह मामले में अपनी तरफ से जांच कर रहा है। ये सभी छात्राएं हॉस्टल में रहती थीं। यूनिवर्सिटी इस प्रकार की घटनाओं को लेकर सख्त है।

