Greater Noida News : बैंक कर्मी की हत्या में शामिल शूटर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार, 15 लाख रुपए में दी गई थी सुपारी

Feb 26, 2025 - 11:12
Greater Noida News : बैंक कर्मी की हत्या में शामिल शूटर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार, 15 लाख रुपए में दी गई थी सुपारी

Greater Noida News : बैंक कर्मी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या करने के मामले में फरार चल रहे शूटर को थाना ईकोटेक -3 पुलिस ने मंगलवार की देर रात को एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगी है। इस मामले में पूर्व में पुलिस ने बैंक कर्मी के साले सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया था। यह हत्या 15 लाख रुपए की सुपारी देकर करवाई गई थी। मृतक ने प्रेम विवाह किया था। उसके बाद उसकी पत्नी से उसका विवाद चल रहा था।

 पुलिस उपायुक्त जोन द्वितीय शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना ईकोटेक -तीन क्षेत्र के डी पार्क के पास 21 फरवरी को कार सवार बैंक कर्मी मनजीत मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच कर रही थाना ईकोटेक- तीन पुलिस को मंगलवार की रात को सूचना मिली की घटना में शामिल शूटर 130 मीटर रोड पर सैनी सुनपुरा गांव के पास खड़ा है। उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस ने वहां पर छापेमारी की। अपने आप को पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाश ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। उन्होंने बताया कि आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा गोली चलाई गई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली प्रिंस उर्फ बंटी पुत्र बलराज निवासी जनपद बागपत के पैर में लगी है। उन्होंने बताया कि इसकी उम्र 21 वर्ष है। उन्होंने बताया कि इसके पास से पुलिस ने देसी तमंचा, कारतूस, मृतक का पर्स जिसमें उसका आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस रखा था तथा हत्या के लिए पेशगी के रूप मे ली गई रकम में से 20 हजार रुपए नगद बरामद किया है।

Greater Noida News : 

 उन्होंने बताया कि इसके खिलाफ पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में पूर्व में पुलिस ने मृतक के साले सचिन राठौर तथा प्रवीण उर्फ तिलक को गिरफ्तार किया था। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि मृतक मनजीत मिश्रा ने मेघा नामक युवती से प्रेम विवाह किया था। दोनों की कॉलेज में पढ़ाई के दौरान दोस्ती हुई थी। आठ वर्ष के प्रेम सम्बंध के बाद वर्ष 2024 में दोनों ने शादी हुई। शादी के कुछ दिन बाद ही मनजीत के पिता की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उसके बाद मनजीत के परिजन मेघा को अपशकुनी कहने लगे। जिसके बाद पारिवारिक विवाद बढने लगा। मेघा ससुराल छोड़कर घर आ गई तथा दुखी रहने लगी। मेघा के भाई सचिन राठौर ने अपनी बहन की स्थिति से परेशान होकर अपने साथी प्रवीण से मनजीत को रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसके लिए सचिन ने प्रवीण को 15 लाख रुपए देने का वादा किया। जिसमें 5 लाख पहले दिया गया था। शूटर गाजियाबाद के एक होटल में रुके थे। 21 फरवरी को उन्होंने मनजीत मिश्रा की रेकी कर कार का पीछा किया, और मौके पर हमला कर उनकी हत्या कर दी थी।