Greater Noida News : गर्भवती महिला की हत्या के आरोप में पति और देवर गिरफ्तार

Sep 27, 2024 - 08:24
Sep 27, 2024 - 12:14
Greater Noida News : गर्भवती महिला की हत्या के आरोप में पति और देवर गिरफ्तार

Greater Noida News : थाना बिसरख क्षेत्र के रोजा जलालपुर गांव के पास बुधवार की देर रात को एक गर्भवती महिला की हुई हत्या के मामले में पुलिस ने उसके पति और देवर को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि दहेज की मांग पूरी न होने की वजह से महिला की हत्या की गई थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल तथा दो मोबाइल फोन बरामद किया है। इस घटना में नामित अन्य लोगों की पुलिस तलाश कर रही है।

Greater Noida News : 

 पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना बिसरख में बृहस्पतिवार को एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी श्रीमती नीरज उम्र 32 वर्ष को उसके ससुराल के लोगों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी है। उन्होंने बताया कि इस मामले में उन्होंने महिला के पति अर्जुन सिंह पुत्र विपत्ति राम, देवर अजय पुत्र विपत्ति राम, ससुर विपत्ति राम पुत्र जुमाराम, पूजा देवी पत्नी भीम प्रकाश को नामित करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 80,85 और 3/4 दहेज अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करवाया।

 उन्होंने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की विशेष टीमें बनाई गई। पुलिस ने जांच के दौरान मृतका के पति अर्जुन सिंह पुत्र विपत्ति राम तथा देवर अजय पुत्र विपत्ति राम को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू, एक मोटरसाइकिल तथा दो मोबाइल फोन बरामद किया है। उन्होंने बताया कि मृतका 7 माह की गर्भवती थी। उसके गले पर चाकू से वार कर उसकी हत्या की गई थी।

बताया जाता है की मृतका अपने पति के साथ बुधवार की रात को घर से मोटरसाइकिल पर सवार होकर निकली थी। उसके पति ने बताया था कि रोजा जलालपुर गांव के पास अज्ञात लोगों ने उसकी पत्नी की हत्या कर दी है। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और फोरेंसिक जांच तथा मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर यह बात सामने आई की मृतका की हत्या उसके ससुराल पक्ष के लोगों ने की है। उन्होंने बताया कि इस घटना में नामित अन्य लोगों की भूमिका के बारे में पुलिस जांच कर रही है।