Greater Noida News : नवजात बच्ची को बेचने के आरोप में अस्पताल की मालकिन और दो कर्मचारी गिरफ्तार, दो फरार
Greater Noida News : पांच दिन की नवजात बच्ची को बेचने के आरोप में थाना बिसरख पुलिस ने एक निजी अस्पताल की मालकिन और वहां काम करने वाले दो कर्मचारियों को बीती रात को गिरफ्तार किया है। इस घटना में शामिल नर्स व उसका पति फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।
Police Station Bisrakh Greater Noida News : पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी ने बताया कि बीती रात को चाइल्ड लाइन 1098 से सूचना प्राप्त हुई की अंशु माली गोयल नामक व्यक्ति ने सूचना दी है कि कुछ लोग एक 5 दिन की नवजात बच्ची को बेच रहे हैं। इस सूचना के आधार पर एक टीम बनाई गई, तथा टीम ने बीती रात को इस मामले में रणजीत सिंह पुत्र नाथू सिंह उम्र 24 वर्ष,गजेंद्र सिंह पुत्र दरिया प्रसाद उम्र 35 वर्ष तथा यशिका गर्ग पत्नी अनिल गर्ग को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला है कि यशिका गर्ग ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित नवजीवन अस्पताल नंबरदार मार्केट की मालकिन है। गिरफ्तार दो अन्य कर्मचारी गजेंद्र और रंजीत सिंह भी नवजीवन हॉस्पिटल में काम करते हैं।
उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अस्पताल की मालकिन ने बताया कि अंजलि नाम की महिला ने 5 दिन पहले उनके अस्पताल में एक बच्ची को जन्म दिया। उसने कहा कि वह बच्ची को पालने में असमर्थ है। आप इसे अपने पास रख लो। अस्पताल की मालकिन के अनुसार अंजलि ने अस्पताल का बिल भी नहीं दिया। उसके बाद उनके मन में यह लालच आया तथा उन्होंने बच्ची को बेचने के संबंध में सोचा। अस्पताल की मालकिन ने बताया कि उसने अपने अस्पताल में काम करने वाली नर्स पुष्पा को बच्ची को बेचने के लिए कहा। उसने एए सोसाइटी में इस बात को बताई। किसी व्यक्ति ने सोसाइटी के ग्रुप पर इस मैसेज को डाल दिया। उसके बाद संगीता पत्नी अंशु मलिक गोयल ने उनसे बच्ची को गोद लेने के लिए संपर्क किया। पुष्पा ने अपने पति का मोबाइल नंबर संगीता को दिया। संगीता के द्वारा बात की गई तो पुष्पा के पति ने अस्पताल की मालकिन यशिका गर्ग से बात कर कहा कि बच्ची को गोद लेने से पहले 2 लाख 60 हजार रुपए देने पड़ेंगे। इस बात से संगीता को अपराध की बू आई तथा उन्होंने इसकी सूचना चाइल्ड लाइन को दी। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर कार्रवाई करते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया। इस घटना में शामिल नर्स पुष्प तथा उसका पति फरार है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

