Greater Noida News : फूड कंपनी के वैन चालक से लूटपाट करने वाले चार बदमाश मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली
Aug 27, 2024 - 08:25
Greater Noida News : थाना सूरजपुर पुलिस ने बीती रात को एक मुठभेड़ के दौरान कार में सवार होकर जा रहे चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक बदमाश के पैर में लगी है। इन बदमाशों ने 24 अगस्त को ग्राम गुलिस्तानपुर अंडरपास के पास से मार्शवैल फुड कंपनी के चालक की गाड़ी को रोक कर हथियार के बल पर उससे 1 लाख 9 हजार रुपए की लूट की थी। पुलिस ने इनके पास से एक लाख रुपया नगद बरामद किया है।
Greater Noida News :
अपर पुलिस उपायुक्त जोन द्वितीय ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि सोमवार की देर रात को थाना सूरजपुर पुलिस चेकिंग कर रही थी, तभी पुलिस को सूचना मिली कि एक ब्रेजा कार में सवार होकर कुछ बदमाश लूटपाट करने के इरादे से आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए चेकिंग शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को एक ब्रेजा कार आती हुई दिखाई दी। पुलिस ने उसे रूकने का इशारा किया तो कार चालक कार रोकने की बजाय वहां से भाग निकले। उन्होंने बताया कि पीछा करके पुलिस ने कार को घेर लिया। अपने आप को पुलिस से घिरा हुआ देखकर कार में सवार बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली बृजेश शर्मा पुत्र सरजू दिन शर्मा उम्र 32 वर्ष के पैर में लगी है। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
Greater Noida News :
उन्होंने बताया कि मौके से भागे तीन बदमाशों बंटी त्यागी उर्फ बादशाह पुत्र जितेंद्र त्यागी निवासी ग्राम रोजा याकूबपुर, मानव पुत्र देवेंद्र सिंह नेगी निवासी ग्राम सुत्याना उम्र 19 वर्ष, तथा उमेश पुत्र राधे श्याम निवासी ग्राम सोनापुर जनपद सुल्तानपुर उम्र 28 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि इनके कब्जे से 24 अगस्त को एक व्यक्ति से लूटी गई 1 लाख 9 हजार रुपए की नगदी में से एक लाख रुपए नगद बरामद हुआ है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त कार, एक-एक देसी तमंचा, कारतूस आदि बरामद किया है। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों ने लूटपाट की कई वारदातें करनी स्वीकार की है।