Greater Noida News : महिलाओं को झांसे में लेकर सोने के जेवरात ठगी करने वाले गैंग के पांच बदमाश गिरफ्तार
Greater Noida News : थाना बिसरख पुलिस ने नकली सोना दिखाकर लोगों को ठगने और पैसों का लालच देकर उनसे ज्वैलरी हड़पने वाले गिरोह का शुक्रवार को पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक महिला समेत गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में दंपती और उसका पुत्र भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से पीली धातु के मोतियों के दो गुच्छे और सिक्के समेत कुल 8 किलो 562 ग्राम पीली धातु (नकली सोना), तीन लाख रुपये नकद, 16 मोबाइल फोन, नौ मोबाइल बैटरी और एक अवैध चाकू बरामद किया है। आरोपी लोगों को अपने जाल में फंसाकर नकली सोना असली बताकर उसके बदले रुपये ऐंठते थे।
अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र सिंह ने बताया कि 10 जुलाई को एक महिला फ्यूजन होम्स सोसाइटी की मार्केट में गई थीं। इसी दौरान एक व्यक्ति उनके पास आकर बैठ गया। कुछ देर बाद दूसरा व्यक्ति भी वहां पहुंच गया। उसने बताया कि उसके मालिक ने उसे नौकरी से निकाल दिया है और वह घर से रुपये लेकर आया है। उसके पास बैग में काफी पैसे होने की बात कही गई। महिला को झांसे में लेकर ज्वैलरी ठग ली।
महिला के पास बैठे व्यक्ति ने उनसे कहा कि दोनों मिलकर उसकी मदद करेंगे और रुपये आपस में बांट लेंगे। इसके बाद आरोपी ने महिला को झांसे में लेने के लिए अपनी सोने की अंगूठी देने की बात कही और महिला से भी ज्वैलरी देने को कहा। आरोपियों की बातों में आकर महिला ने अपनी गले की चेन और कानों के कुंडल उन्हें दे दिए। इसके बाद दोनों आरोपी महिला को गुमराह कर मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और स्थानीय खुफिया जानकारी का सहारा लिया। जांच के बाद पुलिस ने शुक्रवार को नेफोवा छठ घाट की ग्रीन बेल्ट से पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिरोजाबाद निवासी किशोर राय (42), विशाल राय (21), संजू राय (30), सेवा राम राय (60) और मीना (56) शामिल हैं। आरोपी किशोर राय आरोपी सेवा राम राय और मीना का पुत्र है। सभी आरोपी मूल रूप से फिरोजाबाद के रहने वाले हैं. वर्तमान में शाहबेरी क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे थे।

