Greater Noida News : थाना दनकौर क्षेत्र में स्थित निम्स अस्पताल में एक बुजुर्ग व्यक्ति की गिरकर हुई मौत के मामले में उसके बेटे ने अस्पताल के लोगों के खिलाफ लापरवाही से मौत कारित करने की धारा में आज मुकदमा दर्ज करवाया है।
Police Station Dankaur Greater Noida News : थाना दनकौर के प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शकील पुत्र शाहिद ने आज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 31 अक्टूबर को कस्बा जेवर में निम्स अस्पताल द्वारा एक कैंप लगाया गया था। उसमें उसने अपने पिता शाहिद (85 वर्ष) व अपनी मम्मी चमन को दिखाया। डॉक्टर के कहने पर उसने उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया। उनके अनुसार 4 नवंबर को उनके पिता वार्ड से गायब हो गए। उनकी मम्मी और उनके साथ उपचार करा रहे अन्य लोगों ने पीड़ित को सूचना दी। वह अस्पताल पहुंचा तो उसके पिता नहीं मिले। उन्होंने बताया कि पीड़ित ने 5 नवंबर को थाना दनकौर में अपने पिता की गुमशुदा भी दर्ज करवाई। पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। उन्होंने बताया कि पीड़ित के अनुसार 6 नवंबर की शाम को वह अपने पिता को अस्पताल में ढूंढ रहा था, तभी उसने वार्ड के बाथरूम से नीचे झांक कर देखा तो बेसमेंट में एक व्यक्ति पड़ा दिखाई दिया। जब नीचे जाकर देखा तो पता चला कि वह उनके पिता थे और उनके सिर में काफी चोट आई थी। पीड़ित के अनुसार निम्स अस्पताल के ड्यूटी पर नियुक्त स्टाफ की लापरवाही के चलते यह घटना हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में निम्स अस्पताल के स्टाफ के लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 106(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।