Greater Noida News : पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में व्यापारियों ने कलेक्ट्रेट पर पाक का जलाया झंडा

Apr 24, 2025 - 17:38
Greater Noida News :  पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में व्यापारियों ने कलेक्ट्रेट पर पाक का जलाया झंडा

Greater Noida News : जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले के विरोध में गुरूवार को जनपद गौतमबुद्व नगर के नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा के व्यापारियों ने सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट पर पाकिस्तान का झंडा जलाकर आक्रोश व्यक्त किया। इस दौरान व्यापारियों ने पाक विरोधी जमकर नारेबाजी भी की। 


आज जिला प्रशासन द्वारा दोपहर में कलेक्ट्रेट पर व्यापार बंधु की बैठक आहूत की गई थी। जिससे व्यापारियों की यदि कोई समस्या है तो उसका समाधान किया जा सके। इस बैठक में शामिल होने के लिए नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा के विभिन्न व्यापार संगठनों के पदाधिकारी जिला मुख्यालय पहुंचे थे।


इस दौरान समस्त व्यापार मंडल द्वारा आज सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट पर जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुए कातिलाना हमले के विरोध स्वरूप प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान का झंडा जलाकर व नारेबाजी कर विरोध जाहिर किया गया। इस मौके पर व्यापारियों केन्द्र सरकार से पाक तथा आतंकी संगठनों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की गई।


प्रदर्शन के दौरान उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमले में कई पर्यटकों की मौत हुई है। आतंकियों ने टूरिस्ट्स को निशाना बनाया और गोलीबारी की। यह 2019 के पुलवामा हमले के बाद घाटी में सबसे घातक आतंकी हमला है। आम लोगों को मारकर आतंकियों ने देश की सुरक्षा व्यवस्था को एक तरह से चुनौती दिया है।

उन्होंने कहा कि इस घटना की जितनी निंदा की जाए, वह कम है। उन्होंने देश के प्रधानमंत्री से मांग करते हुए कहा कि पकड़े जाने पर इन आतंकवादियों को खुलेआम फांसी की सजा दी जाए। देश की संप्रभुता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।


कलेक्ट्रेट पर पाक के पुतला दहन के दौरान व्यापारी नेताओं में उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल से प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन, उपाध्यक्ष निखिल अग्रवाल, महामंत्री सचिन गोयल, उद्योग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शक्ति सिंह, उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल से अध्यक्ष रामावतार सिंह, मंत्री मनोज भाटी, दादरी व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनोज गोयल, भंगेल व्यापार मंडल से अध्यक्ष मनोज गोयल सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहें।