Ghaziabad News : किशोरी को अगवा कर सामूहिक बलात्कार करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना मसूरी पुलिस ने 16 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले दो वांछित आरोपियों को आज गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई अर्बन क्रोजर हाइराइडर कार भी बरामद कर ली है। पीड़िता की मां ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपियों ने उनकी नाबालिग पुत्री को जबरन कार में बैठाकर अज्ञात स्थान पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया।
एसीपी मसूरी सुनील कुमार ने बताया कि शिकायत मिलते ही मसूरी पुलिस ने नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वालो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। आरोपियों की धरपकड़ के लिए दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस दल ने सीसीटीवी दृश्य, मानवीय जानकारी और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर कार्रवाई की। दोनों आरोपियों को आज चौकी क्षेत्र कस्बा मसूरी, भगवती कॉलेज के पास देहरा रोड से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि वे दोनों दोस्त हैं और 27 जुलाई की रात करीब 10 बजे कार से घूमने निकले थे। नाजिया अस्पताल के पास एक लड़की को खड़ा देखकर उनकी नीयत खराब हो गई। वे लड़की को जबरन गाड़ी में बैठाकर सुनसान स्थान पर ले गए और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। जब किशोरी ने परिजनों को बताने की बात कही, तो आरोपी डरकर उसे वहीं छोड़कर अपनी कार से फरार हो गए।
उन्होने बताया कि रविवार को घटना में प्रयुक्त कार से अपने वकील से कानूनी राय लेने जा रहे थे। तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा। गिरफ्तार हुए आरोपियों की पहचान मुजाहिद 45 पुत्र बुन्दु और सलीम अख्तर 48 पुत्र अख्तर हुसैन के रूप में हुई हैं। ये दोनों आजमपुर देहपा थाना पिलखुवा हापुड़ के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उनके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

