Ghaziabad News : कलयुगी बेटे ने मां-बाप को चाकू से गोदा, मकान ट्रांसफर नहीं करने पर था नाराज

Feb 24, 2026 - 19:42
Ghaziabad News : कलयुगी बेटे ने मां-बाप को चाकू से गोदा, मकान ट्रांसफर नहीं करने पर था नाराज
Symbolic Image

Ghaziabad News : गाजियाबाद के थाना मोदीनगर क्षेत्र में रहने वाले एक वहशी बेटे ने संपत्ति उसके नाम ट्रांसफर नहीं करने पर अपने माता-पिता को चाकू से गोद दिया। अत्यंत गंभीर हालत में उपचार के लिए उन्हे मेरठ के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उनकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

सहायक पुलिस आयुक्त मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि मोदीनगर की गोविंदपुरी कॉलोनी में 70 वर्षीय रमाशंकर अपनी पत्नी सुशीला देवी व पुत्र मनोज, पुत्रवधु किरण के साथ रहते हैं। बताया जा रहा है कि पुत्र मनोज अपने पिता पर काफी समय से मकान अपने नाम कराने का दवाब बना रहा। चार दिन पहले भी इस बात को लेकर विवाद हुआ था। पीड़ित बुजर्ग शिकायत लेकर गोविंदपुरी पुलिस चौकी पर पहुंचे थे। सोमवार को भी बुजर्ग दंपति मारपीट की शिकायत लेकर मोदीनगर थाने पहुंचे थे। पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करने बात कहकर उन्हे वापस भेज दिया। उन्होंने बताया कि बुजुर्ग दंपति के बेटे मनोज ने चाकू से अपने माता पिता पर हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगो को आता देखकर आरोपी फरार हो गया।

स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत गंभीर होने पर मेरठ के लिए रेफर कर दिया। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि अभी तक इस मामले कोई तहरीर नहीं आई है। आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।