Ghaziabad News : गोकशी की शिकायत पर जांच करने पहुंची फूड इंस्पेक्टर की टीम पर हमला
Ghaziabad News : अवैध रूप से मीट की दुकान चलाने और गोकशी की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची फूड इंस्पेक्टर के चालक के साथ थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र में मारपीट की गई तथा महिला फूड इंस्पेक्टर से दस्तावेज छीन लिए गए। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस आयुक्त के मीडिया प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में कुछ मीट की दुकानों पर गोकाशी की सूचना थी। उन्होंने बताया कि महिला फूड इंस्पेक्टर मीरा सिंह अपनी टीम के साथ सोमवार को चेकिंग करने के लिए पहुंची। मीरा सिंह के अनुसार सीएम पोर्टल पर मुख्यालय में एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें लोनी नहर रोड मौलाना आजाद कॉलोनी में अवैध मीट की दुकानों और गोकाशी की शिकायत मिली थी इसका निस्तारण करने के लिए वह अपनी टीम के साथ गई थी। उनके अनुसार जैसे ही वह गाड़ी से उतरकर दुकान की तरफ गई, दुकानदार दुकान बंद करके भागने लगे। चेकिंग के दौरान राजू कसाई नामक व्यक्ति जिसके बारे में शिकायत मिली थी, वह उनकी टीम को देखकर दुकान बंद करके भागने लगा।
इसी बीच उनके ड्राइवर ने उसे रोकना चाहा तो वहां मौजूद लोगों ने उन्हें घेर लिया, तथा उनके ड्राइवर के साथ मारपीट की। महिला इंस्पेक्टर के अनुसार वहां सबीना नाम की महिला थी, जिसके कहने पर यह सारा बवाल हुआ। उनके अनुसार फूड विभाग की तरफ से इन्हें मीट बेचने और काटने का कोई लाइसेंस नहीं दिया गया है।
इस मामले में लोनी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर का कहना है कि कोई गौ तस्कर है जो मीट की दुकान खोलकर अवैध मांस बिक्री का काम करता है। वह गाय भी काटकर बेचता है। उनके अनुसार जांच करने पहुंची महिला अधिकारी ने किसी घर में छुप गई। ड्राइवर को लोगों ने मारा है। विधायक ने कहा हमने एसडीएम लोनी से कहा है कि नगर पालिका लाइसेंस दे नहीं सकती तो ये अवैध दुकाने कैसे चल रही है। विधायक ने कहा कि अगर हमारी बहन बेटियों और अधिकारियों पर हमला करेंगे तो हम इनको कुचल कर रख देंगे। उन्होंने कहा कि योगी की सरकार है। सात पीढियां याद करेंगी। इन जिहादियों की इतनी हिम्मत हो गई। फूड इंस्पेक्टर एक बेटी है, वह अधिकारी बाद में है। उसपर हमला किया गया, यह हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। बाकी फरार है। विधायक ने कहा कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे को चेक कर इसमें कठोर कार्रवाई की जाए।

