Ghaziabad News : फ्लैट में लगी भयंकर आग, आग मे फंसे हुए परिवार के चार लोगों को दमकल विभाग ने बचाई जान, तीन पालतू कुत्तों की मौत
Ghaziabad News : गाजियाबाद के कविनगर क्षेत्र स्थित अवंतिका कॉलोनी के चौथी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में मंगलवार की सुबह सवा तीन बजे भयंकर आग लग गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने बालकनी में फंसे दंपती और उनके दो बच्चों को एक्सटेंशन लैडर लगाकर बामुश्किल निकाला और उनकी जान बचाई। जबकि धुएं की वजह से दम घुटने से तीन पालतू कुत्तों की मौत हो गई।
CFO Ghaziabad : गाजियाबाद के सीएफओ राहुल पाल ने बताया कि अवंतिका फेस द्वितीय के एसके होम्स सोसायटी स्थित चौथी मंजिल के एक फ्लैट में सुबह करीब 3:15 बजे आग लगने की सूचना मिली। सूचना फ्लैट मालिक पवन कुमार ने दी थी। टीम ने मोबाइल फोन के माध्यम से पवन कुमार से तुरंत संपर्क साधा और परिजनों सहित बालकोनी में खुले स्थान की ओर रहने की हिदायत दी गई। नगर कोतवाली फायर स्टेशन से सूचना के करीब 3 मिनट बाद पहुंची दमकल विभाग की टीम को बालकनी पर खड़े पवन कुमार उनकी पत्नी व 20 वर्षीय बेटा और 18 वर्षीय बेटी जान बचाने की गुहार लगाते मिले।
उन्होंने बताया कि दमकल की टीम ने एक्सटेंशन लैडर लगाकर चारों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके साथ ही दो पानी के टैंकर से होज पाइप लगाकर फ्लैट में लगी आग पर काबू पाया गया। फ्लैट में स्थित सामान में लगी आग से धुआं अधिक होने के चलते फ्लैट मालिक के पालतू तीन कुत्तों की धुएं में दम घुटने से मौत हो गई। फ्लैट में आग शॉर्ट सर्किट से लगे होने की संभावना है।

