Ghaziabad News : फ्लैट में चल रहा था देह व्यापार का धंधा, चार गिरफ्तार
Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के थाना इंदिरापुरम पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रविवार की देर रात को न्यायखंड-तीन स्थित एक फ्लैट में छापेमारी कर देह व्यापार के अड्डे का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने रेस्क्यू कर एक महिला को यहां से निकाला है। यहां से एक दंपती समेत चार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच में जुटी है।
सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने आज बताया कि मुखबिर ने दंपती द्वारा फ्लैट में देह व्यापार संचालित किए जाने की सूचना दी थी। सूचना पर छापेमारी की गई। जहां से अजय गुप्ता, उसकी पत्नी अमिता, खोड़ा कॉलोनी निवासी आरिफ, शाहजहांपुर जलालाबाद निवासी शगुन गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि मौके से एक महिला को रेस्क्यू कर निकाला गया। महिला का बयान दर्ज करने के बाद छोड़ दिया गया है। आरोपितों ने देह व्यापार संचालित करने की बात स्वीकारी है। उनके कब्जे से 8,800 रुपये और दो मोबाइल फोन बरामद हुए।
उन्होंने बताया कि पुलिस पूछताछ में दंपती ने बताया कि कुछ माह पहले फ्लैट किराये पर लिया था। वे वॉट्सएप से महिलाओं, युवतियों से संपर्क करते थे। उनकी फोटो ग्राहकों को भेजकर डील करते थे। महिलाओं, युवतियों को नौकरी दिलाने और रुपयों का लालच देकर बुलाते थे।एसीपी ने बताया कि ग्राहकों से ली गई कुछ रकम ही महिलाओं को दी जाती थी। मोबाइल में ग्राहकों व देह व्यापार संचालन करने के साक्ष्य मिले हैं।

