Ghaziabad News : खोड़ा में खूनी खेल: शादी टूटी तो बौखलया मंगेतर,दो बहनों को मारी गोली, गिरफ्तार

Jun 16, 2026 - 22:28
Ghaziabad News : खोड़ा में खूनी खेल: शादी टूटी तो बौखलया मंगेतर,दो बहनों को मारी गोली, गिरफ्तार

Ghaziabad News : उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी में मंगलवार की शाम को एक सन सनीखेज वारदात हुई। सगाई टूटने से आक्रोशित युवक ने अपनी मंगेतर के घर में घुसकर ताबड़तोड़ गोली चला दी। गोली आरोपी के मंगेतर और उसकी छोटी बहन को लगी है। दोनों का अत्यंत नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल की जिसमें उसने अपनी मंगेतर के परिजनों पर कई गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

 पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल ने बताया कि खोड़ा थाना क्षेत्र के वाल्मीकि चौक स्थित आदर्श नगर की रहने वाली खुशी और उनकी बहन निधि को घर में घुसकर एक युवक ने मंगलवार की शाम को गोली मार दी। आरोपी गाजियाबाद के पुराना बस अड्डा निवासी जॉनी है। आरोप है कि खुशी से शादी टूटने के बाद जॉनी ने 16 जून की शाम करीब 4.30 बजे घर में घुसकर खुशी और निधि पर चार राउंड फायरिंग की। खुशी की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं निधि का इलाज पूर्वी दिल्ली के लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 

उन्होंने बताया कि आदर्श नगर में किराए के मकान पर रहने वाले देवेंद्र गुरुग्राम में टैक्सी चलाने का काम करते हैं और उनकी पत्नी नोएडा की एक फैक्टरी में नौकरी करती हैं। वह अपनी पत्नी और दोनों बेटी खुशी व निधि के साथ वालमीकि चौक पर तेजपाल प्रधान के मकान में किराये पर रहते हैं। पुलिस के अनुसार करीब डेढ़ वर्ष पहले जॉनी से खुशी की शादी तय हुई थी। दोनों की बातचीत शुरू हो गई। करीब चार माह पहले दोनों परिवारों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद कई दिनों तक बातचीत का सिलसिला चलता रहा। 

रिश्तेदारों व स्थानीय लोगों की मौजूदगी में बैठकर बातचीत भी हुई लेकिन कोई हल नहीं निकला। इसके बाद खुशी के परिजनों ने रिश्ता तोड़ते हुए शादी करने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि इस बात से जॉनी काफी नाराज था। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को जॉनी पिस्टल लेकर खुशी के घर के पास पहुंचा और खिड़की का शीशा तोड़कर फायरिंग का प्रयास किया। 

जॉनी और उसके हाथ में पिस्टल देख कमरे में मौजूद खुशी और निधि ने भागने की कोशिश की लेकिन आरोपी ने चार-पांच राउंड फायरिंग कर दी। इस दौरान खुशी के पेट में गोली लगी और निधि के जबड़े में। गोलियों की आवाज और युवतियों का शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल युवतियों को अस्पताल मे भर्ती कराया। 

वहीं आरोपी ने सोशल मीडिया पर घटना के बाबत एक वीडियो वायरल किया है। उसने कहा कि मेरी शादी खुशी के साथ तय हुई थी। बाद में उसके परिजनों ने कहा कि तुम्हारी उम्र खुशी से 15 वर्ष ज्यादा है। तुम्हारी शादी नहीं हो सकती। आरोपी ने सोशल मीडिया पर बोलते हुए कहा है कि निधि के परिजनों ने उससे घर बुलाकर दो-दो लाख रुपया लिए। और बाद में शादी से इन्कार कर दिया। उसके अनुसार उसके दिल और भावनाओं से खिलवाड़ किया गया। इस बात से आक्रोशित होकर उसने घटना को अंजाम दिया। उसने यह भी कहा कि वह थाने में खुद पेश होने जा रहा है।